छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगा ग्लोबल बाजार, ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट’ में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स जुटे

Spread the love

रायपुर :  विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल की गई। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के बाजार तक पहुंचाना, पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना और अधिक पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करना रहा। आयोजन में विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स, होम-स्टे संचालक और विदेशी टूर एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

पर्यटन से रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, संस्कृति, इतिहास, विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति, सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, चित्रकोट और तीरथगढ़ के जलप्रपात, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, राजिम की धार्मिक आस्था, भोरमदेव की स्थापत्य कला और बारनवापारा का वन्यजीवन प्रदेश की प्रमुख पर्यटन संपदाएं हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक अवसर, कारीगरों और कलाकारों को बाजार तथा ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों को आजीविका के नए साधन उपलब्ध कराना भी है।

400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां पर्यटन मंडल से जुड़ीं

पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई सहित प्रमुख शहरों में रोड शो और राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों के जरिए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रचार किया गया है। इन प्रयासों के बाद 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस’ के जरिए पर्यटन कारोबारियों को नए बाजारों और साझेदारों से जोड़ने, नए टूर पैकेज तैयार करने और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को ज्यादा पर्यटकों तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे।

ये भी पढ़े :बिलासपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, चाकू से ताबड़तोड़ वार के बाद बाईपास किनारे फेंका शव

डिजिटल तकनीक और एआई से बदलेगा पर्यटन का अनुभव

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने विश्व पर्यटन दिवस 2026 की थीम ‘Digital Agenda and Artificial Intelligence to Redesign Tourism’ के संदर्भ में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।

उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि इसका उपयोग पर्यटन स्थलों की जानकारी, प्रचार-प्रसार, कंटेंट निर्माण, पर्यटक अनुभव और गंतव्यों की पहुंच बढ़ाने में किया जा सकता है।

प्रस्तुतीकरण में चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर-कैलाश-दंडक गुफाएं, मैनपाट, जशपुर, बस्तर दशहरा, सिरपुर, भोरमदेव, ढोलकल गणेश, नारायणपाल और मल्हार जैसे पर्यटन एवं विरासत स्थलों की संभावनाओं को सामने रखा गया।

पर्यटन मंडल के मुताबिक, होम-स्टे के क्षेत्र में 82 लाभार्थियों के 280 से अधिक कमरों की पहचान की गई है। इसके अलावा डिजिटल रिजर्वेशन के लिए वेबसाइट और मोबाइल ऐप तथा निवेशक बैठकों और रोड शो के जरिए बाजार पहुंच बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।

बीटूबी बैठक में कारोबारी साझेदारी पर मंथन

आयोजन के दौरान ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, होटलियर्स और अन्य पर्यटन हितधारकों के बीच बीटूबी बैठक आयोजित की गई। इसमें नए पर्यटन पैकेज, कारोबारी साझेदारी, पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ लाने और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न टूर ऑपरेटर्स, होटल और पर्यटन संस्थाओं के प्रमोशनल स्टॉल भी लगाए गए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और धमतरी जिला प्रशासन ने भी अपने पर्यटन स्थलों के प्रचार के लिए स्टॉल लगाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यटन हितधारकों का सम्मान

कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितधारकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें बेस्ट टूरिज्म डिस्ट्रिक्ट प्रमोशन अवार्ड गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेस्ट इको टूरिज्म साइट अवार्ड तक्षक भोरमदेव, बेस्ट होटल अवार्ड एम्बिशन जगदलपुर और बेस्ट टूर ऑपरेटर अवार्ड डी. रमेश कैंप वन्स को मिला।

इसी तरह बेस्ट टूरिज्म स्टार्टअप अवार्ड हेरिटेज वाला के शिवम त्रिवेदी, बेस्ट एडवेंचर टूर ऑपरेटर अवार्ड ट्रिपी हिल्स, जशपुर के सौरभ सिंह और बेस्ट होम-स्टे अवार्ड धुरवा डेरा के मानसिंह को प्रदान किया गया।

बेस्ट इन्फ्लुएंसर अवार्ड अनुपम सिन्हा, बेस्ट टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर/स्टार परफॉर्मर सीटीबी अवार्ड डोंगरगढ़ के श्रीनिवास राव एवं टीम तथा बेस्ट स्टार परफॉर्मर रिसॉर्ट सीटीबी अवार्ड इको हरेली रिसॉर्ट, बारनवापारा के सुभाष ठाकुर एवं टीम को दिया गया।

सभी पुरस्कारों के साथ ₹11,000 की राशि का चेक, मोमेंटो और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *