बिलासपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, चाकू से ताबड़तोड़ वार के बाद बाईपास किनारे फेंका शव

Spread the love

बिलासपुर:  न्यायधानी में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ओम लहरे और आरोपियों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद या रंजिश थी। आरोप है कि मौका पाकर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके बाद चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास ठिकाने लगाने की कोशिश की और वहां से फरार हो गए।

ये भी पढ़े :बाढ़ से फसल बर्बाद होने पर किसानों को बड़ी राहत, CM साय बोले- सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा

सड़क पर मिले खून के निशान

बाईपास के पास युवक का शव मिलने की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान सड़क पर खून के निशान मिले हैं, जिससे शव को घसीटे जाने की आशंका जताई जा रही है।

शव पर चोट के गहरे निशान भी मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

एक संदिग्ध हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। उससे पूछताछ कर हत्या की वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी। पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *