छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: 400 खिलाड़ियों में से चुने जाएंगे 108, 21 अक्टूबर से 6 टीमों के बीच मुकाबला

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश में पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित होने जा रही है। लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सोमवार से रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हो गया है।

28 और 29 सितंबर को होने वाले चयन ट्रायल के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। चयन प्रक्रिया के जरिए इनमें से 108 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद चुने गए खिलाड़ियों को लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया जाएगा।

छह टीमों के बीच होगी खिताबी जंग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में छह फ्रेंचाइजी टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

चयन और ट्रायल की पूरी प्रक्रिया के समन्वय के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

21 अक्टूबर से रायपुर में शुरू होगा पहला सीजन

लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसे आईपीएल की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी है।

छहों टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे।

मुकाबलों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी।

ये भी पढ़े :रावण का पुतला जलाना मानवाधिकार का उल्लंघन? छत्तीसगढ़ आयोग के सामने पहुंचा अनोखा सवाल, जानिए क्या मिला जवाब

9 दिन का खास ट्रेनिंग कैंप

चयनित खिलाड़ियों को लीग शुरू होने से पहले 9 दिन के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। इस दौरान खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।

लीग की खासियत यह भी होगी कि प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के मुताबिक, गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह और सुरेंदर कुमार सहित भारतीय हॉकी से जुड़े अन्य खिलाड़ी भी लीग का हिस्सा होंगे। जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि के नाम भी घोषित किए गए हैं।

स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म

इस लीग में प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी। चयन के बाद 108 खिलाड़ियों को प्रोफेशनल स्तर के माहौल में खेलने, हाई-इंटेंसिटी मुकाबलों का अनुभव हासिल करने और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा।

लीग से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाने के लिए मंच मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव लीग के नियमित आयोजन और खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों एवं चयन शिविरों तक मिलने वाले अवसरों पर निर्भर करेगा।

लोगो से शुभंकर तक दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो में प्रदेश का नक्शा शामिल किया गया है। इसमें केसरिया और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति का प्रतीक बताई गई है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है।

लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ पर आधारित है। इसे छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता से जोड़ा गया है।

मैचों के दौरान रोजाना विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे। दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

छह फ्रेंचाइजी के स्पॉन्सर को लेकर बैठकें जारी

छहों फ्रेंचाइजी टीमों के स्पॉन्सर को लेकर बैठकों का दौर जारी है। टीमों के प्रायोजन और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा चल रही है। वहीं, खिलाड़ियों के सलेक्शन ट्रायल के बाद टीमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *