दुर्गा विसर्जन के दौरान सूने मकान को बनाया निशाना, चांदी की पैरी चोरी कर 38 हजार में रखी गिरवी; आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

 

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : कबीरधाम जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व श्री अमित कुमार पटेल, श्री अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक- 20.10.2026 को ग्राम छिरहा निवासी प्रार्थी रोहित पटेल अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा विसर्जन देखने गए थे। दोपहर लगभग 01:00 बजे वापस घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर रखी गोदरेज आलमारी का लॉक टूटा हुआ था तथा आलमारी में रखा सामान बिस्तर पर बिखरा पड़ा था। आलमारी के लॉकर में रखी एक जोड़ी चांदी की पैरी, वजन लगभग 50 तोला एवं कीमत लगभग 50,000/- रुपये गायब थी। अज्ञात चोर द्वारा घर की ऐसी खिड़की, जिसमें लोहे की रॉड नहीं लगी थी, के रास्ते अंदर प्रवेश कर आलमारी का लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 537/2026, धारा 305, 331(3) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तलाश की गई तथा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से विवेचना करते हुए संदेहियों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान विवेचना में सामने आए संदेहियों से पूछताछ की गई। पूछताछ एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संजू यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम छिरहा, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस टीम द्वारा उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी संजू यादव ने अपने मेमोरेण्डम कथन में बताया कि वह ग्राम छिरहा में मवेशी चराने का काम करता है तथा प्रार्थी रोहित पटेल के मवेशियों को भी चराता था। इसी दौरान कभी-कभी रोहित पटेल के घर गाय का दूध निकालने जाने पर उसे जानकारी हुई कि घर में सोने-चांदी के आभूषण आलमारी में रखे जाते हैं। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि दिनांक 20.10.2026 को ग्राम में दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान गांव के लोग विसर्जन देखने गए हुए थे। इसी दौरान वह लगभग 11:20 बजे रोहित पटेल के घर पहुंचा तथा गाय के कोठे के ऊपर चढ़कर सीढ़ी के माध्यम से घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी गोदरेज आलमारी का ताला हाथ से तोड़कर उसमें रखी एक जोड़ी चांदी की पैरी चोरी कर ली।

ये भी पढ़े :मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन करते दो लोग पकड़े गए, 38 क्विंटल धान और माजदा वाहन जब्त

आरोपी ने आगे बताया कि चोरी के बाद वह कवर्धा आया और नवकार ज्वेलर्स में उक्त चांदी की पैरी को अपने घर का बताकर तथा दशहरा त्योहार में पैसों की आवश्यकता होने की बात कहकर 20,000/- रुपये में गिरवी रख दिया। इसके बाद दिनांक- 25.10.2026 को 1,000/- रुपये, दिनांक- 28.10.2026 को 2,000/- रुपये एवं दिनांक- 02.11.2026 को 15,000/- रुपये अतिरिक्त प्राप्त किए। इस प्रकार कुल 38,000/- रुपये प्राप्त करना बताया, जिसे उसने खाने-पीने में खर्च कर दिया। आरोपी ने चांदी की पैरी गिरवी रखने की पर्ची अपने पास रखा होना बताते हुए पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया तथा नवकार ज्वेलर्स में चलकर जेवर दिखाने की बात कही।

उक्त संपूर्ण कार्यवाही जिले के वरिष्ठ अधिकारी गणों के दिशा निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देश में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम से सहायक उप निरीक्षक राजकुमार चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक अमित चंद्रवंशी, आरक्षक अमित ठाकुर, अजय वैष्णव, गज्जू राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर से बाहर जाते समय खिड़की-दरवाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *