महानदी के बढ़ते जलस्तर से गांव जलमग्न, नाव से प्रभावितों के बीच पहुंचे OP चौधरी; बोले- ‘चिंता न करें, सरकार साथ है’

Spread the love

रायगढ़ :  चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव के चलते महानदी का जलस्तर बढ़ने से रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जलभराव के बीच वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी राहत और बचाव दल के साथ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मंत्री चौधरी ने नाव के जरिए जलमग्न ग्राम बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं और तत्काल जरूरतों की जानकारी ली।

नाव से गांवों में पहुंचे मंत्री, ग्रामीणों से की सीधी बातचीत

चारों ओर पानी से घिरे गांवों में पहुंचकर ओपी चौधरी ने महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं से बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की स्थिति जानी और राहत कार्यों की जानकारी ली।

ये भी पढ़े :शिवनाथ नदी में पति की मौत, सहायता राशि के लिए 22 महीने से इंतजार; हाईकोर्ट ने तहसीलदार की कार्यशैली पर उठाए सवाल

मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी परिवार को जरूरी सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

भोजन, पानी और दवाइयों की व्यवस्था के निर्देश

मौके पर मौजूद अधिकारियों को मंत्री ने प्रभावित परिवारों तक भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों का ध्यान रखने को कहा। साथ ही जरूरत पड़ने पर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर

ओपी चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए प्रशासन की टीमें लगातार काम कर रही हैं। महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को हालात के अनुसार राहत और बचाव अभियान तेज रखने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फिलहाल प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *