रोजगार की जरूरत के अनुरूप तैयार करें कौशल प्रशिक्षण की कार्ययोजना– कलेक्टर तुलिका प्रजापति

Spread the love

 

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : जिले में युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उनकी रुचि और स्थानीय रोजगार की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जाएगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को चिन्हांकित कर उसी के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किए जाएंगे। कलेक्टर तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला कौशल समिति की बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में कौशल प्रशिक्षण की उपयोगिता तभी बढ़ेगी, जब प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने जिले में उपलब्ध मानव संसाधन, रोजगार के अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों की मांग का आकलन करते हुए गैप एनालिसिस के आधार पर आवश्यक कौशल प्रशिक्षण की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को चिन्हांकित प्रशिक्षण के आधार पर वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने कहा।

उन्होंने वन विभाग, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यानिकी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आर-सेटी, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा भोरमदेव शक्कर कारखाना राम्हेपुर सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर जिन क्षेत्रों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं, वहां से जुड़े ट्रेड और प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए।

ये भी पढ़े :एशियन गेम्स में टीम इंडिया का तूफान! श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में एंट्री, अब पाकिस्तान से गोल्ड की जंग

कलेक्टर ने युवाओं के साथ-साथ स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए भी रोजगारपरक और उपयोगी प्रशिक्षण तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की विषयवस्तु स्थानीय संसाधनों, उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा उद्योगों और विभिन्न क्षेत्रों की मांग के अनुरूप होनी चाहिए। प्रशिक्षण संस्थाओं और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उसके परिणामों पर भी ध्यान दिया जाए। बैठक में जिले में संचालित कौशल प्रशिक्षण की वर्तमान स्थिति, प्रशिक्षण की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को विभागवार आवश्यकताओं का आकलन कर समयबद्ध रूप से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, जिला रोजगार अधिकारी, उपसंचालक कृषि, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विज्ञान प्रमुख, महाप्रबंधक भोरमदेव शक्कर कारखाना राम्हेपुर-पंडरिया, प्राचार्य आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं नर्सिंग महाविद्यालय, जिला मिशन प्रबंधक, आर-सेटी संचालक, सहायक संचालक जिला कौशल विकास प्राधिकरण कबीरधाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *