‘टोनही’ बताकर 40 वर्षीय महिला से बर्बरता, निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधा और पीटा; 4 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

सूरजपुर:  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन विवाद के बीच 40 वर्षीय महिला पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाकर मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस की महिलाओं ने पहले महिला से गाली-गलौज की, फिर उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया और जमकर मारपीट की। घटना में महिला के सिर, कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जमीन विवाद के बीच महिला पर लगाया ‘टोनही’ होने का आरोप

मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव का है। जानकारी के अनुसार, गोंड समाज की 40 वर्षीय बजारो बाई शनिवार सुबह अपने घर की बाड़ी में उड़द तोड़ रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंची और महिला पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगी।

इसके बाद धनमतिया की बहू और दो अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि चारों महिलाओं ने बजारो बाई के साथ मारपीट की और उन्हें निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया।

ये भी पढ़े :कवर्धा शहर के बीच पहुंचा तेंदुआ, स्नेहा क्लीनिक के पास मचा हड़कंप; रेस्क्यू में जुटी वन विभाग की टीम

पेड़ से बांधकर मारपीट का आरोप

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद महिला को पेड़ से खोलकर मुक्त कराया गया।

मारपीट में महिला के सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

चार आरोपी महिलाएं गिरफ्तार, जेल भेजा

घटना के बाद पीड़िता के पति ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 127(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटना में कथित रूप से शामिल चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *