विधायक भावना बोहरा की पहल से वनांचल की बेटियों को मिलेगी नई उड़ान, कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु 12 अक्टूबर से शुरू होगी निःशुल्क बस सेवा

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : पंडरिया विधानसभा की बेटियों की शिक्षा, सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा द्वारा एक और सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की जा रही है। विधायक भावना बोहरा द्वारा 12 अक्टूबर को वनांचल क्षेत्र कुई कुकदुर में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों की बेटियों को सुरक्षित, सुगम और नियमित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ना है। पंडरिया विधानसभा के अनेक ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में आज भी छात्राओं को महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परिवहन सुविधा के अभाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई बार बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विधायक भावना बोहरा ने इन समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए बेटियों की शिक्षा को बाधित न होने देने का संकल्प लिया है। अब तक इस निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से 1500 से अधिक महाविद्यालयीन छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह पहल न केवल छात्राओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करा रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति निरंतरता को भी मजबूत कर रही है। कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु बस सेवा ग्राम अमनिया से प्रारंभ होकर ग्राम नेऊर में कुशियारी व महीडबरा की छात्राएं, ग्राम दमगढ़ में लुढुटोला व उपका की छात्राएं तथा ग्राम अमेरा, कुर्सीकछार एवं कुई की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदुर महाविद्यालय पहुंचेगी। इस निःशुल्क बस सेवा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर 9754462000 एवं 9755359004 पर छात्राएं व उनके परिजन संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि हमारी बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी और अपने सपनों को साकार करेंगी, तभी हमारा समाज और हमारा क्षेत्र वास्तव में सशक्त होगा। वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के सामने शिक्षा के साथ-साथ कॉलेज तक सुरक्षित पहुंचना भी एक बड़ी चुनौती होती है। कई छात्राओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, परिवहन के सीमित साधनों के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई परिवार सुरक्षा की चिंता के कारण बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर भेजने में संकोच करते हैं। इसी चुनौती को अवसर में बदलने के उद्देश्य से हमने निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की है। हमारी बेटियां केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य की शक्ति हैं। उनकी शिक्षा में किया गया प्रत्येक प्रयास आने वाली पीढ़ियों को मजबूत बनाने का प्रयास है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा की कोई भी बेटी केवल साधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। सुरक्षित और निःशुल्क परिवहन की सुविधा देकर हम बेटियों को उनके सपनों तक पहुंचने का एक माध्यम बनना चाहते हैं ताकि वह अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ें और अपने क्षेत्र, परिवार एवं हम सभी का नाम रोशन करें।

ये भी पढ़े :57 लाख के गबन मामले में दो महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार, सेवा सहकारी समिति में सामने आई थी बड़ी गड़बड़ी

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी बेटी के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की सबसे मजबूत नींव है। जब एक बेटी पढ़ती है तो वह केवल अपना भविष्य नहीं बदलती, बल्कि अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को भी नई दिशा देती है। इसलिए बेटियों की शिक्षा को सुविधाओं से जोड़ना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पंडरिया विधानसभा का बड़ा भू-भाग वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आता है। यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की। वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर की छात्राओं के लिए शुरू की जा रही यह बस सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से छात्राओं को कॉलेज तक आने-जाने के लिए सुरक्षित एवं निःशुल्क परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा, समय की बचत होगी और दूरस्थ क्षेत्रों की अधिक से अधिक बेटियां उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगी।

भावना बोहरा ने कहा कि “हमारा प्रयास और उद्देश्य बेटियों के सपनों की राह में आने वाली हर छोटी-बड़ी बाधा को दूर करना है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प और भाजपा सरकार की महिला सशक्तिकरण की नीतियों से प्रेरणा लेते हुए क्षेत्र में बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमने भावना दीदी की गारंटी में क्षेत्र की बेटियों से यह संकल्प किया था कि पूर्व में संचालित इस निःशुल्क बस सेवा का पूरे पंडरिया विधानसभा में विस्तार किया जाएगा इस दिशा में आज वह संकल्प पूरा होने जा रहा है जिसे लेकर मन में बहुत ही प्रसन्नता है कि हमारी बेटियां अब शिक्षा से वंचित नहीं बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ रहीं हैं और अपने सपनों को पूरा कर रहीं हैं। आज जनता की सेवा और सुविधा के लिए हम निरंतर प्रयास कर रहें हैं। आपातकालीन सेवा हेतु 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, भावना दीदी की साइंस पाठशाला के माध्यम से ग्रामीण व शासकीय स्कूल के छात्रों को रोबोटिक्स, ड्रोन जैसे आधुनिक शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य हेतु निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन, पंडरिया से रायपुर अपने परिवार के सदस्य के उपचार हेतु रायपुर में परिजनों के ठहरने व भोजन हेतु पंडरिया सेवा सदन, क्षेत्र के युवाओं के सपनों को पूरा करने व उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग में IIT-JEE, NEET और CGPSC की निःशुल्क कोचिंग, जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र जैसी विभिन्न सेवाओं के माध्यम से जनता की सेवा और उन्हें सुविधा देने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *