बेमेतरा टेकेश्वर दुबे: बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुरूद (पेण्ड्री) में आयोजित एक दिवसीय अखण्ड साहेब धुन कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक ने गांव में कुल ₹12.83 लाख की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।
सामुदायिक भवन, शेड और व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण
ग्राम कुरूद (पेण्ड्री) में ग्रामीणों की सुविधाओं के विस्तार के लिए तैयार कराए गए तीन विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें ₹5 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन, ₹3.43 लाख की लागत से तैयार स्व-सहायता समूह शेड (कचरा शेड) और ₹4.40 लाख की लागत से निर्मित व्यवसायिक परिसर सह शौचालय शामिल हैं। इन कार्यों पर कुल ₹12.83 लाख खर्च किए गए हैं।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सामुदायिक भवन और व्यवसायिक परिसर जैसी सुविधाएं ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने के साथ सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी।
गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास पर जोर
विधायक साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिकों के हित में काम कर रही है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीणों की मांगों और जनहित से जुड़े विषयों के आधार पर जरूरी कार्यों को स्वीकृति दिलाने और उन्हें जमीन पर उतारने का प्रयास जारी है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
अखण्ड साहेब धुन को बताया सामाजिक एकता का प्रतीक
धार्मिक आयोजन में शामिल विधायक दीपेश साहू ने कहा कि अखण्ड साहेब धुन जैसे कार्यक्रम आस्था और परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने ग्रामवासियों और आयोजन समिति को कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। विधायक ने कहा कि “जनसेवा ही संकल्प और जनकल्याण ही प्राथमिकता” के उद्देश्य के साथ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में राजा गौकरण साहू, विनीता, सरपंच हेमनाथ, सरपंच नारायण साहू, पिंटू साहू, पूर्व सरपंच सीजन साहू, अश्वनी मानिकपुरी, सुंदर यादव, ताराचंद साहू, दीपक यादव, पुरुषोत्तम साहू, भोजराज यादव, पीलू राम साहू, प्रकाश साहू, गोवर्धन साहू, ललित साहू, संतोष साहू और तोरण साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा श्रद्धालु उपस्थित रहे।




