सेजेस राजिम के एनसीसी कैडेटों ने दुर्गा पंडालों में जगाई नशामुक्ति की अलख ‘नशामुक्त नवरात्र अभियान’ के तहत श्रद्धालुओं को दिलाई शपथ, युवाओं से व्यसनमुक्त पर्व मनाने की अपील

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/राजिम : नवरात्र पर्व को पवित्रता, सात्विकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से पंडित रामबिशाल पाण्डेय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस), राजिम के एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं ने ‘नशामुक्त नवरात्र अभियान’ चलाया। विद्यालय के व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत कैडेटों ने राजिम नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गा उत्सव पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की अलग-अलग टीमों ने राजिम नगर के अलावा ग्राम कोमा, किरवई, श्यामनगर, बासीन, बकली, बेलटुकरी और भैंसतरा के दुर्गा उत्सव पंडालों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। कैडेटों ने प्रेरक नारों, संदेश लिखी तख्तियों और लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से शराब, तंबाकू, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की।

ये भी पढ़े  :नवरात्र में जनसंपर्क पर निकले विधायक जनक ध्रुव, गांव-गांव पहुंचे; मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ विकास कार्यों की दी सौगात

विद्यार्थियों ने संभाली अभियान की कमान
अभियान में कक्षा नौवीं की सौम्या शर्मा (राजिम) तथा कक्षा आठवीं के ईशांत कुमार साहू (कोमा), दीपेश निर्मलकर (श्यामनगर), विपुल शर्मा (बासीन), सुजाता साहू (बकली), लावन्या साहू (बेलटुकरी), चेतना यादव (राजिम), पुष्पांजलि साहू (कोमा) और पुष्पेंद्र कुमार साहू (भैंसतरा) ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में समझाया।
कैडेटों ने संदेश दिया कि नवरात्र जैसे धार्मिक पर्व भक्ति, शक्ति और आत्मशुद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसरों पर नशे से दूर रहकर पर्व की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। साथ ही अन्य त्योहारों और सामाजिक आयोजनों को भी नशामुक्त वातावरण में मनाने का संकल्प लेना चाहिए। विद्यार्थियों की इस पहल से दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बीच नशामुक्ति को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचा।

गणेशोत्सव में भी चलाते हैं नशामुक्ति अभियान
विद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार पहल की जा रही है। एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के मार्गदर्शन में नवरात्र के दौरान ‘नशामुक्त नवरात्र अभियान’ चलाना विद्यालय की नियमित परंपरा का हिस्सा बन चुका है। इसी तरह गणेशोत्सव के अवसर पर भी कैडेटों द्वारा ‘नशामुक्त विनायक विसर्जन अभियान’ संचालित किया जाता है, ताकि धार्मिक आयोजनों को नशाखोरी से मुक्त रखने और समाज में स्वस्थ परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा सके।

प्राचार्य ने की विद्यार्थियों की सराहना
एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का विकास करना भी है। सेजेस राजिम के कैडेटों ने इस अभियान के माध्यम से इन मूल्यों को व्यवहार में उतारने का प्रयास किया।
विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने अभियान में शामिल विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष सुजाता शर्मा, समिति के सदस्यों और विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *