( विधि-विधान से हुई मां दुर्गा की आराधना, हवन और नौ कन्या भोज के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न; सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद)
किरंदुल : शारदीय नवरात्रि की दुर्गाष्टमी पर बैलाडीला देवस्थान स्थित श्री राघव मंदिर में आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। बैलाडीला देवस्थान सेवा समिति एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा-अर्चना, हवन, नौ कन्या भोज और भव्य महाभंडारे के आयोजन से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय बना रहा।
धार्मिक कार्यक्रम में प्रधान पुजारी सत्येंद्र शुक्ला के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। वहीं सुधांशु वर्मा के करकमलों से पूजन एवं हवन का अनुष्ठान किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार, नगर और समस्त क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर नौ कन्या भोज का आयोजन कर कन्या पूजन की परंपरा का निर्वहन किया गया। इसके बाद आयोजित भव्य महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों की सहभागिता और सेवा भाव ने आयोजन को विशेष बना दिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बैलाडीला देवस्थान सेवा समिति एवं गायत्री परिवार के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने आस्था, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। दुर्गाष्टमी के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।




