रायपुर में ओबीसी मोर्चा का संभाग स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान समारोह सम्पन्न छुरा की तीन प्रतिभाओं ने बढ़ाया गरियाबंद का मान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मिथलेश सिन्हा, ओमप्रकाश साहू और खेमिन निषाद को किया सम्मानित

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, छुरा/गरियाबंद : राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में सोमवार, 7 सितंबर को ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में संभाग स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के प्रबुद्धजनों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, लोककला, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड से तीन विशिष्ट प्रतिभाओं मिथलेश कुमार सिन्हा, ओमप्रकाश साहू एवं खेमिन निषाद को उनके क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ। तीनों प्रतिभाओं के सम्मान से छुरा एवं गरियाबंद जिले का गौरव बढ़ा है।

योग एवं आरोग्य के क्षेत्र में मिथलेश कुमार सिन्हा सम्मानित
छुरा के योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा को योग, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे पिछले लगभग 12 वर्षों से योग एवं आरोग्य के क्षेत्र में निरंतर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।योग एवं स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें संभाग स्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया गया।

ये भी पढ़े :SP त्रिलोक बंसल का औचक निरीक्षण, बेमेतरा कोतवाली और देवरबीजा चौकी में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पारंपरिक चिकित्सा एवं जनसेवा के लिए ओमप्रकाश साहू को सम्मान
पारंपरिक चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में लगभग दो दशकों से सक्रिय वैद्य ओमप्रकाश साहू को भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया। वे कम शुल्क में लोगों को पारंपरिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं। बताया गया कि वे सप्ताह में लगभग 300 लोगों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करते हुए पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आमजन तक सहज और सुलभ रूप से पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।उनकी सेवा भावना और पारंपरिक चिकित्सा के प्रति समर्पण के चलते क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी है। उनकी चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदेश के विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं द्वारा भी लिए जाने की जानकारी दी गई।

पंडवानी और लोककला के क्षेत्र में खेमिन निषाद को मिला सम्मान
गरियाबंद क्षेत्र की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं लोक कलाकार खेमिन निषाद, राजपुर को छत्तीसगढ़ की लोककला एवं पंडवानी गायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खेमिन निषाद अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।पंडवानी जैसी पारंपरिक लोकविधा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोकपरंपरा और सामाजिक संदेशों को जीवंत बनाए रखने में उनके योगदान को सम्मेलन में विशेष रूप से सम्मान दिया गया।

सम्मान से क्षेत्र में हर्ष का माहौल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों छुरा विकासखंड की तीन प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, परिवारजनों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने तीनों सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीनों प्रतिभाओं के सम्मान पर थानसिंग निषाद, निखिल साहू, शीतल ध्रुव, नंदकुमार साहू, कमलनारायण सिन्हा, घनश्याम साहू, ललित राठौर, नरसिंह सोम, बालचंद सिन्हा, अर्जुन धनंजय सिन्हा सहित परिवारजनों, मित्रगण, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाज प्रमुखों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *