‘आप मेरे परिवार जैसे हैं…’ सोनू निगम ने कर्नाटक के लोगों से मांगी माफी, KRV ने वापस लिया विरोध

Spread the love

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने कन्नड़ भाषा और वहां के लोगों को लेकर दिए गए अपने पुराने विवादित बयान पर माफी मांग ली है। सिंगर ने एक वीडियो जारी कर कर्नाटक के लोगों से कहा कि वह उन्हें अपना परिवार मानते हैं और किसी भी गलतफहमी की वजह से उनके बीच रिश्ते में कड़वाहट नहीं आनी चाहिए। सोनू के माफी मांगने के बाद कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेने का ऐलान किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष टीए नारायण गौड़ा ने 19 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोनू का माफीनामा साझा किया।

सोनू निगम ने कर्नाटक के लोगों को बताया अपना परिवार

सोनू निगम ने अपने वीडियो संदेश में कर्नाटक के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनके प्यार और सम्मान की कद्र करते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी टीए नारायण गौड़ा से बातचीत हुई, जो उनके मुताबिक काफी सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक रही। सोनू ने कहा कि वह नारायण गौड़ा का बहुत सम्मान करते हैं और उनके साथ हुई बातचीत से उन्हें अपनी बात रखने का मौका मिला। सिंगर ने कहा कि जब आप किसी से प्यार करते हैं और उस रिश्ते को बनाए रखना चाहते हैं तो माफी मांगने में कोई हर्ज नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘अगर मेरी किसी बात से अनजाने में आपको ठेस पहुंची है तो मुझे उसके लिए बेहद अफसोस है।’ सोनू ने यह भी कहा कि कर्नाटक के लोगों ने पिछले 30 वर्षों से उन्हें भरपूर प्यार और सम्मान दिया है। वह नहीं चाहते कि किसी गलतफहमी के कारण इतने लंबे समय से बना यह रिश्ता प्रभावित हो। उन्होंने अपने संदेश में कर्नाटक के लोगों के लिए प्यार जताते हुए कहा कि वह उन्हें अपने परिवार की तरह मानते हैं। सोनू ने उम्मीद जताई कि उनकी माफी से विवाद खत्म होगा और दोनों के बीच पहले जैसा स्नेह बना रहेगा।

ये भी पढ़े :बलरामपुर: रामानुजगंज के छठ घाट में डूबने से 14 वर्षीय इरशाद की मौत

KRV ने विरोध प्रदर्शन वापस लेने का किया ऐलान

सोनू निगम का वीडियो साझा करते हुए टीए नारायण गौड़ा ने कहा कि सिंगर ने उनसे बातचीत के दौरान स्वीकार किया कि उनकी टिप्पणी से कन्नड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं। नारायण गौड़ा ने स्पष्ट किया कि संगठन की सोनू निगम से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। कर्नाटक के लोग लंबे समय से उनके गाने सुनते और पसंद करते आए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने सोनू की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन का फैसला लिया था, लेकिन अब माफी के बाद इस मामले को पीछे छोड़ने का समय है। नारायण गौड़ा ने कन्नड़ फिल्म संगीत में योगदान देने वाले कई दिग्गज गायकों का भी जिक्र किया। इनमें घंटसाला, पीबी श्रीनिवास, केजे येसुदास, एस जानकी, वाणी जयराम और केएस चित्रा जैसे नाम शामिल हैं। ये कलाकार कन्नड़ भाषी नहीं थे, इसके बावजूद उन्होंने कन्नड़ संगीत को समृद्ध किया और राज्य के लोगों का प्यार हासिल किया। नारायण गौड़ा ने उम्मीद जताई कि सोनू निगम आगे भी कन्नड़ गाने गाएंगे और कर्नाटक में कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन अब अपना विरोध समाप्त करेगा।

पहलगाम आतंकी हमले से तुलना करने पर शुरू हुआ था विवाद

यह विवाद अप्रैल 2025 में बेंगलुरु के ईस्ट प्वाइंट इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में प्रस्तुति देते समय दर्शकों में मौजूद कुछ लोग बार-बार सोनू निगम से कन्नड़ गाना गाने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान सिंगर ने कन्नड़ गाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए इसकी तुलना पहलगाम आतंकी हमले से कर दी थी। उनके इस बयान से कर्नाटक में नाराजगी फैल गई और कई लोगों तथा कन्नड़ समर्थक संगठनों ने इसे भाषा और स्थानीय भावनाओं का अपमान बताया। इसके बाद KRV ने बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में सोनू निगम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर भी दर्ज हुई। बढ़ते विरोध के बीच सोनू ने पहले भी वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट करने की कोशिश की थी। उन्होंने दावा किया था कि कार्यक्रम में कुछ युवक आक्रामक तरीके से पेश आ रहे थे और कन्नड़ गाना गाने की मांग करते हुए उन्हें धमकाने जैसा व्यवहार कर रहे थे। सोनू के मुताबिक उनकी टिप्पणी उन युवकों के व्यवहार को लेकर थी, न कि पूरे कन्नड़ समुदाय के लिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *