महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मुरूम के अवैध उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने रामपुर में मुरूम उत्खनन में लगी एक चेन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील कर दिया। मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के मामलों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने ग्राम झगरेनडीह से कुशभांठा तक सड़क निर्माण के लिए रामपुर की शासकीय/निजी भूमि से मुरूम निकाले जाने के दौरान मशीन जब्त की।
सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा है मामला
बताया गया है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत झगरेनडीह-कुशभांठा सड़क का निर्माण दीपक अग्रवाल कंपनी, शिवरीनारायण द्वारा किया जा रहा है। इसी सड़क निर्माण के लिए मुरूम उत्खनन के दौरान खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
विभाग के मुताबिक, जब्त मशीन को सील कर दिया गया है। अब मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग की टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश, सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र कुमार साहू तथा सिपाही प्रशांत कालू और मनीष ढीढी मौजूद रहे।
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से कार्रवाई जारी है।




