मड़ेली में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता, महिला वर्ग में राजनांदगांव ने मारी बाजी

Spread the love

विधायक जनक राम ध्रुव ने कबड्डी मैट के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा , आयोजन समिति को दिए 5 हजार रुपये

 

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : ग्राम मड़ेली में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता-2026 के तहत महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने शानदार रेड और मजबूत रक्षण का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। महिला वर्ग में राजनांदगांव की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि पेण्ड्रा नगर की टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक राम ध्रुव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, गरियाबंद के जिलाध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी साहू, जनपद सदस्य अवध राम साहू तथा ग्राम पंचायत सरपंच अशोक कुमार ध्रुव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मिलता है अवसर : विधायक

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि ग्राम मड़ेली में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारे और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कबड्डी मैट के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आयोजन समिति को 5,000 रुपये की नकद राशि भी प्रदान की।

कबड्डी ग्रामीण अंचल का लोकप्रिय खेल : नीलकंठ ठाकुर

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, गरियाबंद के जिलाध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर ने कबड्डी को ग्रामीण अंचल की खेल संस्कृति से जुड़ा लोकप्रिय खेल बताया। उन्होंने कहा कि कबड्डी खिलाड़ियों में शारीरिक क्षमता, साहस, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की भावना विकसित करती है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े ऐलान: धान खरीदी की तारीख तय, सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस इलाज

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी साहू ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जनपद सदस्य अवध राम साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ग्राम पंचायत सरपंच अशोक कुमार ध्रुव ने अतिथियों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के योगदान की सराहना की।

महिला वर्ग में विजेता टीमों को नकद पुरस्कार

महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार रहा—

– प्रथम स्थान: राजनांदगांव — ₹21,000
– द्वितीय स्थान: पेण्ड्रा नगर — ₹15,000
– तृतीय स्थान: रायपुर लालपुर — ₹8,001
– चतुर्थ स्थान: पेण्ड्रा जिला — ₹5,001

रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मैदान में हुए रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को अंत तक बांधे रखा। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, सहयोगियों, खेल प्रेमियों एवं अतिथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *