रायपुर में धारदार चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, रामनगर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामनगर पुलिस चौकी की टीम ने एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कबीर चौक सब्जी बाजार के पास चाकू लेकर घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को रामनगर चौकी, थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में सूचना मिली थी कि कबीर चौक सब्जी बाजार के पास नीली टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है।

सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय और सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी में मिला बटनदार चाकू

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलेश राय (24 वर्ष), पिता घनश्याम राय, निवासी खालबाड़ा, गोपाल दाल मिल के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके लोअर की जेब से काले रंग का बटनदार, नोकदार और धारदार चाकू बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चाकू को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर 27 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मुताबिक, अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *