दीपावली से पहले रायगढ़ प्रशासन अलर्ट, पटाखा दुकानों की नियमित जांच के आदेश; सुरक्षा में लापरवाही पर नजर

Spread the love

रायगढ़ : दीपावली के त्योहार को देखते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और वहां अग्निशमन सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर सोमवार को समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पटाखा दुकानों की जांच के साथ पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों का ध्यान दिलाया।

पेट्रोल पंपों के शौचालयों का होगा नियमित निरीक्षण

पेट्रोल पंपों पर शौचालय बंद रहने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों में आम नागरिकों के लिए स्वच्छ और आसानी से उपलब्ध शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाले व्यावसायिक परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन और जनदर्शन की शिकायतों पर समय-सीमा तय

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को संबंधित पोर्टल नियमित रूप से देखने और लंबित शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़े  :लोककला से बॉलीवुड संगीत तक…राज्योत्सव के अंतिम दिन नवा रायपुर में दिखेगा रंगारंग नजारा

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

कलेक्टर ने भूमि पट्टा वितरण की समीक्षा करते हुए नियमानुसार पात्रता की जांच करने और वास्तविक जरूरतमंद हितग्राहियों को प्राथमिकता देने को कहा। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और शिक्षा ऋण योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया।

‘हर घर मुनगा’ अभियान में पौधों के संरक्षण पर जोर

बैठक में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में मुनगा पौधों के रोपण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत केवल पौधारोपण तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से शासन की योजनाओं और प्राथमिकता वाले कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *