कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक भागने की कोशिश की। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने का प्रयास किया। कार उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। हालांकि, आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कचरे के ढेर से 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

30 किलोमीटर तक चला पुलिस और तस्करों के बीच पीछा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन पायलट गाड़ी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के बाद तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
कचरे के ढेर में फेंक गए गांजे से भरी बोरियां
पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद वाहन अलग-अलग रास्तों से निकल गए। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कचरे के ढेर में लावारिस हालत में पड़ी बोरियां मिलीं। जांच में उनमें 400 किलो से अधिक गांजा पाया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
एक दिन पहले भी 407 किलो गांजा हुआ था जब्त
बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों के संबंध में सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।




