धमतरी में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का छापा, घर और किराना दुकान से 1.46 लाख के पटाखे जब्त; 3 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

धमतरी :  दीपावली के त्योहार से पहले धमतरी जिले में अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। नगरी और मगरलोड थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस के रखे गए पटाखे जब्त किए हैं। दोनों कार्रवाइयों में जब्त पटाखों की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 46 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

फरसिया में घर के अंदर मिला पटाखों का भंडार

पहली कार्रवाई नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में बिना वैध लाइसेंस के अलग-अलग कंपनियों के पटाखे बिक्री के लिए रखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और करीब 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए।

इस मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।

ये भी पढ़े :पाटन चुनाव याचिका: भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देने वाले विजय बघेल की गवाही शुरू, 16 नवंबर को फिर होगी सुनवाई

मगरलोड में किराना दुकान पर पुलिस की दबिश

दूसरी कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर पर की गई। पुलिस को यहां अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की जानकारी मिली थी।

दबिश के दौरान दुकान से एक कार्टून में रखे अलग-अलग कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत 16 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया।

तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

धमतरी जिले में दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने कुल तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में बिना लाइसेंस पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस अवैध पटाखों के कारोबार पर नजर बनाए हुए है। बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *