गरियाबंद : अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग के हाथी बंद के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी. बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. घटना अमलीपदर थाना इलाके की है.
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार युवक ने अचानक नियंत्रण खो दिया. इसके बाद वह सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसा. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहां से गुजर रहे लोगों ने दृश्य देखा, तब घटना का मालूम पड़ा. उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
अमलीपदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की कोशिशें जा रही है. वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है.




