जनजातीय गौरव दिवस पर स्कूली बच्चों ने किया आदिवासी संग्रहालय और मैत्री बाग का शैक्षिक भ्रमण

Spread the love

 

संस्कृति, प्रकृति और वन्यजीवों से रूबरू हुए नौनिहाल, भ्रमण से मिला ज्ञान के साथ मनोरंजन का अवसर

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2026, रविवार को शासकीय प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों को शाला प्रबंधन समिति के तत्वावधान में शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने नया रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय तथा भिलाई के प्रसिद्ध मैत्री बाग का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक विरासत और वन्यजीवों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आदिवासी संग्रहालय में जनजातीय समाज की जीवनशैली, रहन-सहन, पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान, रीति-रिवाज, लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी विभिन्न जानकारियां हासिल कीं। संग्रहालय में प्रदर्शित जनजातीय संस्कृति के विविध स्वरूपों को देखकर बच्चों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं के प्रति जिज्ञासा एवं सम्मान की भावना विकसित हुई। वहीं मैत्री बाग में बच्चों ने विभिन्न वन्यजीवों और प्राकृतिक परिवेश को नजदीक से देखा तथा उनके जीवन, रहन-सहन और संरक्षण के महत्व को समझा।

ये भी पढ़े :जय शाह फिर बने ICC चेयरमैन, लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने गए

इस अवसर पर प्रधान पाठक हेमलाल ध्रुव ने शैक्षिक भ्रमण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से भी सीखने के अवसर मिलने चाहिए। ऐसे शैक्षिक भ्रमण से बच्चों का प्रकृति के प्रति जुड़ाव बढ़ता है तथा वन्यजीवों और जीव-जंतुओं के प्रति सहानुभूति एवं संवेदनशीलता विकसित होती है। साथ ही अपनी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और जनजातीय विरासत के प्रति सम्मान के साथ गर्व की अनुभूति भी जागृत होती है।उन्होंने कहा कि बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ वास्तविक दुनिया से परिचित कराना उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनमें सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित हुआ। इस पहल से बच्चों को अपनी सांस्कृतिक पहचान समझने, प्रकृति से जुड़ने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *