धान मिंजाई मशीन की चपेट में आया किसान, गंभीर चोट के बाद काटना पड़ा हाथ का पंजा

Spread the love

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान की मिंजाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिंजाई मशीन की चपेट में आने से किसान नरेश बड़ाई का दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चोट इतनी गंभीर थी कि चिकित्सकों को ऑपरेशन कर उनका दाहिना पंजा काटना पड़ा। इस हादसे के बाद किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

धान मिंजाई के दौरान मशीन में फंसा हाथ

मिली जानकारी के अनुसार, श्याम नगर निवासी किसान नरेश बड़ाई धान की मिंजाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका दाहिना हाथ मिंजाई मशीन के अंदर चला गया। मशीन की चपेट में आने से हाथ का पंजा करीब 99 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनकी मदद की।

ये भी पढ़े :धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन की सख्त, धमतरी में 1,660 कट्टा धान जब्त

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, ऑपरेशन कर काटना पड़ा पंजा

हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को तत्काल पखांजूर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए धमतरी रेफर कर दिया। धमतरी में इलाज के दौरान डॉक्टरों को ऑपरेशन कर उनका दाहिना पंजा काटना पड़ा।

धान की मिंजाई के दौरान हुए इस हादसे ने किसान परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। खेती-किसानी के काम के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से इलाके में भी दुख का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *