शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक हरकत का आरोप, 6 साल की बच्ची की शिकायत पर शिक्षक गिरफ्तार

Spread the love

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में प्राथमिक शाला के एक शिक्षक पर छह साल से कुछ अधिक उम्र की बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की शिकायत सामने आने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा 13 नवंबर को तब हुआ, जब बच्ची की नानी ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा। इस दौरान बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया। नानी ने जब इसकी वजह पूछी तो मासूम ने 12 नवंबर की दोपहर स्कूल में हुई कथित घटना के बारे में बताया।

बच्ची ने अपनी नानी को बताया कि स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य छात्र को दूसरे कमरे में ले गए थे। आरोप है कि वहां शिक्षक ने कुर्सी पर बैठकर अपना निजी अंग दिखाया। बच्ची की बात सुनकर नानी ने गांव के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाने पहुंचाया। महिला के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक अजय कुमार भट्ट, पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ठूसेकेला थाना खरसिया, वर्तमान निवास घरघोड़ा क्षेत्र के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया।

ये भी पढ़े :रायगढ़ में कलेक्टर का सख्त रुख, अवैध धान पर होगी कार्रवाई; CM हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी मांगा हिसाब

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *