छत्तीसगढ़ को मिलेंगे 4 राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर से बड़े बचेली तक इन निकायों का हुआ चयन

Spread the love

रायपुर : प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों का चयन किया है। इनमें बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा शामिल हैं। इस तरह राज्य को कुल चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलेंगे।

नई दिल्ली में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह में चयनित राज्य और नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा।

अरुण साव ने दी बधाई

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ और उसके तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना गौरव की बात है।

साव के मुताबिक, यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों को छोटे कारोबारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगा।

ये भी पढ़े : महंगाई भत्ते के 5% एरियर्स और पटवारियों के समर्थन में शिक्षक फेडरेशन का प्रदेशव्यापी आंदोलन

20 नवंबर को दिल्ली में होगा सम्मान समारोह

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है।

भारत सरकार ने इस समारोह में शामिल होने के लिए राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया है।

20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *