दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया है। इसमें एक AK-47 रायफल, .303 रायफल, दो BGL लॉन्चर, देशी ग्रेनेड और कुकर बम समेत बड़ी मात्रा में गोला-बारूद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के जंगलों और दुर्गम इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 और 18 नवंबर 2026 को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम वाकेली और बुरदुम के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों ने अभियान संचालित किया।
DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खुटे और उप पुलिस अधीक्षक नसरुल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों और स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
18 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे ग्राम वाकेली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ डम्प मिला। तलाशी में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
AK-47 से BGL लॉन्चर तक, बरामद हुई हथियारों की खेप
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री में शामिल हैं:
AK-47 रायफल – 1
AK-47 मैगजीन – 1
AK-47 राउंड – 25
देशी मेड ग्रेनेड
.303 रायफल – 1
BGL लॉन्चर बंदूक – 2
.315 बोर बंदूक – 1
भरमार बंदूक – 1
.303 राउंड – 34
BGL राउंड – 28
BGL सेल – 7
वॉकी-टॉकी सेट – 1
कोडेक्स वायर – लगभग 5 मीटर
कुकर बम – 1
वॉकी-टॉकी चार्जर – 1
बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी
दंतेवाड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत करने के उद्देश्य से नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जंगलों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य नक्सल उपयोगी सामग्रियों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नक्सल गतिविधियों से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।




