ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने के लिए सिर्फ एक या दो हेल्दी फूड्स खाना ही काफी नहीं है, बल्कि रोजाना की खानपान की आदतों में बदलाव करना भी जरूरी है। डाइट और कुछ अच्छी आदतों को मिलाकर अपनाने से आपका बीपी काफी कंट्रोल हो सकता है। कैलिफोर्निया स्थिति और एम्स ट्रेंड गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर सौरभ सेठी ने ऐसी 6 चीजों के बारे में बताया है जिसे हाई ब्लड प्रेशर के मरीज को अपने घर में या अपनी किचन में जरूर रखना चाहिए। आइये जानते हैं बीपी के मरीज को क्या जरूर खाना चाहिए?
हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करेंगी ये 6 चीजें
- डार्क चॉकलेट- डॉक्टर सेठी के मुताबिक 35 क्लिनिकल ट्रायल में ये पाया गया है कि कोको से भरपूर चीजों का सेवन करने से औसतन ब्लड प्रेशर लगभग 2 mmHg तक कम हो सकता है। इसके लिए ज्यादा कोको वाली डार्क चॉकलेट खाएं। हालांकि इसे सीमित मात्रा में ही खाएं। एक बार में चॉकलेट के कुछ टुकड़े ही खाएं, पूरी बार नहीं।
- बीन्स और दालें- करीब 544 लोगों पर किए गए एक रिसर्च में पाया गया कि बीन्स, दालें और दूसरी फलियों का सेवन करने से सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर यानि ऊपर का बीपी लगभग 2 mmHg तक कम हो सकता है। बिना नमक वाले बीन्स और दालें खाएं। अगर डिब्बाबंद बीन्स खा रहे हैं तो खाने से पहले उन्हें पानी से अच्छी तरह धो लें।
- चुकंदर का जूस- 2024 में किए गए 11 क्लिनिकल ट्रायल के मेटा-विश्लेषण में 349 लोगों को शामिल किया गया। इसमें पाया गया कि नाइट्रेट से भरपूर चुकंदर का जूस हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर को लगभग 5 mmHg तक कम करने में मदद कर सकता है। इसके लिए बिना चीनी वाला चुकंदर का जूस पिएं। इसमें मौजूद प्राकृतिक नाइट्रेट शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड बनाने में मदद करते हैं। इससे रक्त वाहिकाओं को आराम मिलता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है।
- हर्ब्स, मसाले और लहसुन- DASH-Sodium ट्रायल में पाया गया कि DASH डाइट के साथ सोडियम यानी नमक का सेवन कम करने से सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर लगभग 7 से 11 mmHg तक कम हो सकता है। हालांकि, इसका असर व्यक्ति के शुरुआती ब्लड प्रेशर पर निर्भर करता है। खाने में ज्यादा नमक डालने के बजाय लहसुन, जीरा, हर्ब्स और दूसरे मसालों का इस्तेमाल करें। इससे खाने का स्वाद भी बढ़ेगा और नमक की मात्रा कम रखने में मदद मिलेगी।
- पिसे हुए अलसी के बीज- रोज 1 बड़ा चम्मच पिसे हुए अलसी के बीज को दही, ओट्स या स्मूदी में मिलाकर खाएं। एक क्लिनिकल ट्रायल में पाया गया कि पेरिफेरल आर्टरी डिजीज से पीड़ित लोगों को 6 महीने तक रोजाना 30 ग्राम पिसे हुए अलसी के बीज खिलाने से उनका सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर लगभग 10 mmHg तक कम हुआ।
- कीवी- करीब 118 वयस्कों पर किए गए एक क्लिनिकल ट्रायल में पाया गया कि 8 सप्ताह तक रोजाना 3 कीवी खाने वाले लोगों का 24 घंटे का औसत सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर, रोजाना एक सेब खाने वालों की तुलना में लगभग 3.6 mmHg ज्यादा कम हुआ। कीवी को जूस के बजाय साबुत फल की तरह खाएं। अतिरिक्त फाइबर पाने के लिए इसे अच्छी तरह धोकर छिलके सहित भी खा सकते हैं।
ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने के लिए सबसे जरूरी आदत क्या है?
DASH-Sodium ट्रायल में पाया गया कि DASH डाइट के साथ नमक कम खाने से हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों का सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर, ज्यादा नमक वाली डाइट के मुकाबले करीब 11.5 mmHg तक कम हुआ। इसलिए अपने खाने में नमक की मात्रा कम से कम रखें।




