बिलासपुर हाईकोर्ट से शोएब ढेबर को बड़ी राहत, 25 करोड़ की रंगदारी मामले में दोबारा गिरफ्तारी के आदेश पर लगी रोक

Spread the love

बिलासपुर :  छत्तीसगढ़ के चर्चित 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी के आदेश पर रोक लगा दी है। साथ ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) और अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) की अदालतों से जारी गिरफ्तारी संबंधी आदेशों पर भी स्थगन लगा दिया है। इस फैसले से शोएब ढेबर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है।

यह पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। आरोप है कि कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp संदेश भेजकर फिरौती मांगी गई थी। धमकी में उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। मामले में रायपुर के तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

जमानत के बाद दोबारा गिरफ्तारी के आदेश को दी थी चुनौती

मिली जानकारी के अनुसार, मामले में रिमांड कोर्ट से शोएब ढेबर को जमानत मिलने के बाद पुलिस ने इस फैसले को चुनौती दी थी। इसके बाद CJM और ADJ अदालतों ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे।

इन आदेशों को शोएब ढेबर ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी। याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोनों निचली अदालतों के गिरफ्तारी संबंधी आदेशों पर रोक लगा दी। इसके साथ ही उनकी दोबारा गिरफ्तारी की कार्रवाई पर भी फिलहाल विराम लग गया है।

ये भी पढ़े :सोना-चांदी खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले! एक ही दिन में सोना ₹4,715 और चांदी ₹8,269 सस्ती, जानें अपने शहर के नए रेट

विदेशी नंबर से WhatsApp पर मांगे गए थे 25 करोड़ रुपये

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

इतना ही नहीं, रकम नहीं देने पर आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर रायपुर के तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया।

पांच आईफोन भी किए गए थे जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। इस दौरान उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।

आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद मामले में आगे कानूनी कार्रवाई हुई। जमानत मिलने के बाद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था। निचली अदालतों से आदेश जारी होने के बाद शोएब ढेबर ने हाईकोर्ट में राहत की मांग की थी।

फिलहाल हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बाद इस मामले में शोएब ढेबर को बड़ी कानूनी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *