डीजे छुड़ाने थाने पहुंचा भाजयुमो नेता, विवाद के बाद थाना परिसर में तोड़फोड़; FIR दर्ज

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में डीजे वाहन को छुड़ाने पहुंचे भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी पर पुलिस से विवाद और थाना परिसर में तोड़फोड़ करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने के मामले में कार्रवाई की जा रही थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छोड़ने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी थाने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि डीजे वाहन छोड़ने को लेकर पुलिस और शुभांकर द्विवेदी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

शासकीय कार्य में बाधा और तोड़फोड़ पर FIR

मामले में रायपुर नॉर्थ DCP दीपमाला कश्यप ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर की है। उन्होंने कहा कि शुभांकर द्विवेदी डीजे वाहन को छुड़ाने के लिए थाने आए थे। इस दौरान विवाद के बाद थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई।

DCP के मुताबिक, पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने के आरोप में शुभांकर द्विवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े :17 सितंबर से छत्तीसगढ़ में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, अरुण साव ने दिए बड़े निर्देश; हर गतिविधि की होगी वीडियो-रील

कांग्रेस ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग

घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और सरकार पर निशाना साधा है। रायपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने गुढ़ियारी थाने में हुई तोड़फोड़ को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के इस्तीफे की मांग की है।

मेनन ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छत्तीसगढ़ को बिहार बनाने की तैयारी कर चुकी है।

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी सियासी हलचल

गुढ़ियारी थाने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। एक ओर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और तोड़फोड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

अब पुलिस की आगे की जांच में घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *