बिलासपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, पत्नी के भाई ने जीजा पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला

Spread the love

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा में एक युवक पर उसके ही साले ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

डेढ़ साल पहले युवती को भगाकर की थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार, घायल समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले उसने मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया से शादी की थी। बताया जाता है कि उस समय युवती नाबालिग थी। इस मामले में समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी और अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, दो नए AICC सचिवों की एंट्री; पुराने प्रभारियों की छुट्टी

मजार से लौटते समय हुआ सामना, फिर चाकूबाजी

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और ओमप्रकाश ने समीर पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी के परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

वहीं, आरोपी के परिजनों का आरोप है कि चाकू से हमला किए जाने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद ओमप्रकाश ने उस पर चाकू से वार किया। हालांकि, विवाद और हमले की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, मोहल्ले में पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल समीर को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और तनाव की आशंका को देखते हुए धूरीपारा में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *