हर साल कार्तिक पूर्णिमा को गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। गुरु नानक जयंती सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। इस दिन को प्रकाश पर्व या गुरुपर्व भी कहा जाता है। इस दिन गुरुद्वारों और घरों में अखंड पाठ, प्रभात फेरी, नगर कीर्तन, शबद-कीर्तन, अरदास और लंगर जैसे आयोजन होते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, समानता, ईमानदारी, सेवा और एक ईश्वर की भक्ति को जीवन में अपनाना है। आपको बता दें कि गुरु नानक जी ने ही सिख समुदाय की स्थापना की थी। इस साल गुरु नानक जयंती 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी।
गुरु नानक जयंती के दिन क्या-क्या किया जाता है?
प्रकाश और सजावट- गुरु नानक जयंती के दिन गुरुद्वारों को लाइट, झालरों, दीपों और फूलों से सजाया जाता है।
अखंड पाठ- गुरुद्वारों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का लगातार पाठ शुरू किया जाता है, जिसका समापन गुरु नानक जयंती के दिन होता है।
प्रभात फेरी और नगर कीर्तन- गुरु नानक जयंती के दिन तड़के सुबह शबद-कीर्तन गाते हुए प्रभात फेरी निकाली जाती है। कई शहरों में नगर कीर्तन भी होता है, जिसमें ‘पंज प्यारे’ की अगुवाई, निशान साहिब और सजाई गई पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान रहते हैं।
कीर्तन और अरदास- अरदास का अर्थ ईश्वर के आगे विनम्र प्रार्थना करना है। सिख परंपरा में इसमें दस गुरुओं, शहीदों के त्याग और संगत की सेवा का स्मरण किया जाता है। अरदास के बाद श्रद्धालुओं को कड़ा प्रसाद बांटा जाता है।
लंगर सेवा- गुरु नानक जयंती के दिन बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के सभी लोगों को एक साथ बिठाकर भोजन कराया जाता है। गुरुद्वार के लंगर में सब एक लाइन से नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। मान्यताओं के मुताबिक, सिखों के तीसरे गुरु अमर दास जी का कहना था कि लंगर में खाए बिना आप ईश्वर तक नहीं पहुंच सकते।
गुरु नानक जयंती का महत्व
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को गुरु नानक जी का जन्म हुआ था। उनका जन्म सन् 1469 में पंजाब प्रांत के तलवंडी में हुआ था, जो कि अब पाकिस्तान में है। नानक जी के जन्म स्थान को अब नानकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। सिख समुदाय के लोगों के लिए यह स्थान काफी पवित्र माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु नानक जी ने ही सिख धर्म की नींव रखी थी, इसलिए वे सिखों के पहले गुरु माने जाते हैं। नानक जी ने ही पवित्र शब्द ‘इक ओंकार’ को लिखा था। सिखों के लिए इस गुरुवाणी का काफी अधिक महत्व है। गुरु नानक जी ने अपना जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने जात-पात मिटाने के लिए और लोगों को एकता के सूत्र में बांधने के लिए उपदेश दिए थे। नानक जी ने समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाने का कार्य किया थी, इसी वजह से गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है।




