सनातन धर्म में अगहन मास को भगवान श्रीकृष्ण की उपासना और दान-पुण्य के लिए विशेष महत्व वाला माना गया है, जिसे मार्गशीर्ष मास भी कहा जाता है। 25 नवंबर से शुरू हो रहे इस महीने में पूजा-पाठ के साथ जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं अगहन मास में किन चीजों का दान करना शुभ माना गया है।
श्रीकृष्ण ने गीता में कही है ये बात
भगवान श्रीकृष्ण को अगहन यानी मार्गशीर्ष मास विशेष प्रिय है। इसका उल्लेख भगवद्गीता में भी मिलता है। श्रीकृष्ण कहते हैं- “मासानां मार्गशीर्षोऽहम्।”
इसका अर्थ है कि महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। यही वजह है कि सनातन धर्म में अगहन मास को विशेष पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है। इस महीने में भगवान श्रीकृष्ण और विष्णु जी की पूजा-अर्चना के साथ दान-पुण्य करने का भी विशेष महत्व बताया गया है।
अगहन मास में इन चीजों का करें दान
- पीले वस्त्रों का दान: विष्णु जी और उनके आठवें अवतार भगवान श्रीकृष्ण को पीला रंग प्रिय माना जाता है। इसी वजह से अगहन मास में पीले वस्त्रों का दान करना शुभ माना है। इस दौरान किसी जरूरतमंद को पीले कपड़े, धोती या मौसम के अनुसार गर्म वस्त्र दिए जा सकते हैं।
- गुड़ का दान: गुड़ का दान करना भी फलदायी माना जाता है। गुड़ को मिठास और शुभता का प्रतीक माना जाता है। इस महीने में जरूरतमंदों को गुड़ या गुड़ से बनी खाद्य सामग्री दान कर सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से परिवार में प्रेम और आपसी सौहार्द बढ़ता है।
- अन्न का दान: अगहन मास में अन्न दान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है। किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराना ईश्वर की सेवा के बराबर माना जाता है। इस महीने में अपनी सामर्थ्य के अनुसार अनाज जैसे गेहूं, चावल, दाल या पका हुआ भोजन दान किया जा सकता है। मान्यता है कि इससे भगवान श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहती है और घर में अन्न की कमी नहीं होती।
- घी का दान: घी का इस्तेमाल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष रूप से किया जाता है। अगहन मास में घी दान करना शुभ माना गया है। मंदिर में दीपक जलाने के लिए घी अर्पित करने के अलावा जरूरतमंद लोगों को भी दान कर सकते हैं। घी का दान करके सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार करें दान
अगहन मास में दान-पुण्य करते समय अपनी सामर्थ्य और जरूरतमंदों की आवश्यकता का ध्यान रखना चाहिए। सनातन परंपरा में दान का महत्व केवल वस्तु देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और सद्भाव की भावना भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।




