सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिर तुर्रीधाम में देव दीपावली का पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में 5100 दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बनारस के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर आयोजित भव्य महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान 15 हजार से अधिक भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

देव दीपावली उत्सव समिति तुर्रीधाम के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन देवी-देवता धरती पर आकर दीपोत्सव मनाते हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु तुर्रीधाम पहुंचे।
राजा धर्मेंद्र सिंह ने किया रुद्राभिषेक, 56 भोग अर्पित
महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे सक्ती रियासत के राजा धर्मेंद्र सिंह ने भगवान शिव का अभिषेक और रुद्राभिषेक किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, अर्जुन राठौर और परमानंद जायसवाल भी मौजूद रहे।
मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान महादेव का फूलों और आकर्षक वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। विधि-विधान के साथ भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए। शाम होते ही मंदिर परिसर और कुंड के आसपास 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की जगमगाहट से पूरा तुर्रीधाम अलौकिक छटा से रोशन हो उठा।
इसके बाद आचार्य दिव्यानंद तिवारी के मार्गदर्शन में बनारस के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती और गंगा आरती संपन्न हुई। शंखनाद, डमरू की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ये भी पढ़े :बेमेतरा में साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट का बड़ा नेटवर्क उजागर, 2 आरोपी गिरफ्तार
देवी-देवताओं की झांकियों और आतिशबाजी ने बांधा समां
देव दीपावली उत्सव को खास बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी गई। भगवान शिव-पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। महाआरती के बाद हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही।
राजा धर्मेंद्र सिंह और सांसद कमलेश जांगड़े ने की पूजा-अर्चना
धार्मिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। सक्ती रियासत के राजा धर्मेंद्र सिंह ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
वहीं, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े भी तुर्रीधाम पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा और आरती में हिस्सा लिया तथा क्षेत्र के नागरिकों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था
महोत्सव में सक्ती सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए देव दीपावली उत्सव समिति की ओर से 15 हजार से अधिक लोगों के लिए महाभंडारे और महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। प्रशासन की मुस्तैदी के बीच देर रात तक मंदिर में दर्शन का सिलसिला चलता रहा।
समिति और ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में पुष्पेंद्र चंद्रा, ग्राम पंचायत बासीन की सरपंच हेमलता चंद्रा, प्रेम चंद्रा, कमल राठौर, सुरेश जायसवाल, कोमल यादव और परमानंद जायसवाल सहित देव दीपावली उत्सव समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का योगदान रहा। ग्राम पंचायत बासीन और आसपास के ग्रामीणों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
प्राकृतिक जलधारा है तुर्रीधाम की विशेष पहचान
तुर्रीधाम मंदिर सक्ती जिले के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों में शामिल है। मंदिर का निर्माण तत्कालीन सक्ती रियासत के राजा बहादुर लीलाधर सिंह द्वारा करवाया गया था। इस धाम की सबसे खास विशेषता यहां स्थित शिवलिंग पर लगातार प्रवाहित होने वाली प्राकृतिक जलधारा है। चट्टानों के बीच से निकलने वाली यह जलधारा साल के 12 महीने और 24 घंटे शिवलिंग पर बहती रहती है। जलधारा के स्रोत को लेकर आज भी रहस्य बना हुआ है। श्रद्धालु इस जल को गंगाजल के समान पवित्र और निर्मल मानते हैं। यही विशेषता तुर्रीधाम को क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में विशिष्ट पहचान देती है।




