शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बेमेतरा में पांचवां दीक्षांत समारोह 2026 गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), बेमेतरा में संस्था के प्रतिभावान एवं सफल प्रशिक्षणार्थियों के सम्मान तथा उनका उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे संस्था परिसर में पांचवें दीक्षांत समारोह 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षणार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक उपलब्धियों को सराहते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय सिन्हा (नगरपालिका अध्यक्ष, बेमेतरा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रमन अग्रवाल (उपाध्यक्ष, संस्थान प्रबंधन समिति) उपस्थित रहे। इनके साथ बख्शी (शिक्षक) एवं राजकुमार खंडे (पार्षद) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की प्राचार्य एवं संस्था प्रमुख श्रीमती ज्योति भगत ने की।

समारोह के दौरान अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा (AITT-2026) में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को उनकी मेहनत, लगन एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक तथा व्यावहारिक प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों में सुमन, राजकुमार, वासु साहू, विनय कुमार, टिकेश्वर, धनेश्वरी, नीलेश कुमार बंजारा, राजकुमारी, दुर्गा, वर्षा एवं पूजा शामिल रहे। अतिथियों ने सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

ये भी पढ़े :हाफ नदी पुल के नीचे चल रही थी गांजे की बिक्री, 19 साल का युवक गिरफ्तार

इस अवसर पर संस्था प्रमुख ज्योति भगत ने प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें अपने कौशल एवं ज्ञान का उपयोग कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्था के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।

समारोह में संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इनमें अरुणा फाटे (प्रशिक्षण अधिकारी), प्रभा बिरंजन (प्रशिक्षण अधिकारी), सुश्री रितु (प्रशिक्षण अधिकारी), जी.पी. बर्मा (प्रशिक्षण अधिकारी), रूपेंद्र कुमार (प्रशिक्षण अधिकारी), सुरेंद्र मरावी (छात्रावास अधीक्षक) एवं के.के. सोनी (कर्मचारी) प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा संस्था के पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर समारोह को यादगार बनाया।

कार्यक्रम के अंत में जी.पी. बर्मा (प्रशिक्षण अधिकारी) ने सभी अतिथियों, संस्था के अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने परीक्षा में सफल सभी प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर की कामना की।

इस प्रकार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बेमेतरा का पांचवां दीक्षांत समारोह 2026 सम्मान, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *