सनातन धर्म में भगवान काल भैरव को भगवान शिव का शक्तिशाली और रौद्र स्वरूप माना जाता है। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर काल भैरव जयंती मनाई जाती है, जिसे भैरव अष्टमी भी कहते हैं। इस दिन भगवान काल भैरव की पूजा के साथ काले कुत्ते को भोजन कराने की भी परंपरा है। यहां जानिए काल भैरव जयंती 2026 की सही तिथि और पूजा का शुभ समय क्या रहेगा।
काल भैरव जयंती 2026 तिथि
भगवान काल भैरव के प्राकट्य दिवस को भैरव अष्टमी या भैरव जयंती भी कहा जाता है। साल 2026 में यह पर्व 1 दिसंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन दिन निशिता मुहूर्त में पूजा होगी।
- अष्टमी तिथि प्रारंभ: 1 दिसंबर, रात 12:11 बजे
- अष्टमी तिथि समाप्त: 1 दिसंबर, रात 11:13 बजे
काल भैरव जयंती 2026 शुभ मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5 बजकर 8 मिनट से 6 बजकर 2 मिनट तक रहेगा, इस दौरान स्नान कर पूजा और व्रत का संकल्प लें।
- अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक
- निशिता मुहूर्त: रात 11 बजकर 43 मिनट से 12 बजकर 38 मिनट तक
कौन हैं भगवान काल भैरव?
भगवान काल भैरव को काल (समय) का नियंत्रक और भक्तों को भय से मुक्ति दिलाने वाला देवता माना जाता है। काशी में भगवान काल भैरव को नगर का कोतवाल कहा जाता है। इनकी आराधना से भक्तों को साहस और सुरक्षा का आशीर्वाद मिलने की मान्यता है।
काले कुत्ते को रोटी खिलाने का महत्व
धार्मिक चित्रों और मूर्तियों में भगवान काल भैरव को कुत्ते पर सवार दिखाया जाता है। इसी वजह से कुत्ते को उनका वाहन माना जाता है। विशेष रूप से काले कुत्ते को भगवान काल भैरव से जोड़कर देखा जाता है। काल भैरव जयंती पर काले कुत्ते को रोटी या भोजन खिलाने की परंपरा है। ज्योतिष के अनुसार, कुत्ते को भोजन कराने से शनि और राहु से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलती है। ऐसी मान्यता है कि कुत्ते को भोजन कराने से जीवन की परेशानियां कम होती हैं।
काल भैरव जयंती पर कैसे करें सेवा?
इस दिन सुबह स्नान करके भगवान काल भैरव की पूजा करें। श्रद्धा के अनुसार फूल, दीपक और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करें। इसके बाद कुत्ते को रोटी खिलाएं। इस दिन भगवान काल भैरव के मंत्र जाप और जरूरतमंदों को दान-पुण्य करने की परंपरा है।




