हर साल मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन को भगवान श्रीराम और देवी सीता के विवाह की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ था। नेपाल के जनकपुर और अयोध्या में विवाह पंचमी की खास रौनक देखने को मिलती है। हिंदू धर्म में राम-सीता की जोड़ी को एक आदर्श पति-पत्नी के रूप में जाना जाता है। ऐसे में विवाह पंचमी के दिन कौशल्या नंदन और मां जानकी की उपासना करने से दांपत्य जीवन मधुर और सुखमय बना रहता है। साथ ही सुख-समृद्धि में भी बढ़ोतरी होती है। तो आइए जानते हैं कि इस साल विवाह पंचमी का पर्व कब मनाया जाएगा और पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।
विवाह पंचमी 2026 की तारीख
पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि का आरंभ 13 दिसंबर को शाम 4 बजकर 47 मिनट पर होगा। पंचमी तिथि का समापन 14 दिसंबर को शाम 7 बजकर 15 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार, विवाह पंचमी का त्योहार 14 दिसंबर 2026 को मनाया जाएगा।
ये भी पढ़े :Kharmas 2026: कब से शुरू हो रहा खरमास? जानें इस दौरान क्या करें और किन कामों से बचें
विवाह पंचमी 2026 शुभ मुहूर्त
- ब्रह्म मुहूर्त- 05:16 ए एम से 06:11 ए एम
- प्रातः संध्या- 05:44 ए एम से 07:06 ए एम
- अभिजित मुहूर्त- 11:55 ए एम से 12:36 पी एम
- विजय मुहूर्त- 01:59 पी एम से 02:40 पी एम
- गोधूलि मुहूर्त- 05:23 पी एम से 05:51 पी एम
- सायाह्न संध्या- 05:26 पी एम से 06:48 पी एम
विवाह पंचमी का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, त्रेतायुग में प्रभु श्री राम और माता जानकी का विवाह मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि के दिन हुआ था। इसलिए इस दिन को राम और सीता के विवाह की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर के राम मंदिरों, खासकर अयोध्या और नेपाल के जनकपुर में भव्य आयोजन और राम बारात निकाली जाती है। वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और मनचाहे जीवनसाथी की कामना के लिए श्रद्धालु इस दिन विशेष पूजा-अर्चना और व्रत रखते हैं। मान्यता है कि विवाह पंचमी के दिन प्रभु राम और मां सीता की पूजा करने से शादी में आ रही सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं। साथ ही पति-पत्नी का रिश्ता पहले से और अधिक मजबूत हो जाता है।




