Kharmas 2026: कब से शुरू हो रहा खरमास? जानें इस दौरान क्या करें और किन कामों से बचें

Spread the love

हिंदू धर्म में पंचक, भद्रा के अलावा खरमास का समय ऐसा होता है जब सभी तरह के मांगलिक कार्य करना पूर्ण रूप से वर्जित होता है। खरमास के दौरान शादी-ब्याह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे सभी शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। लेकिन खरमास में पूजा-पाठ करना अत्यंत ही शुभ और फलदायी माना जाता है। आपको बता दें कि जब सूर्य मीन या धनु राशि में गोचर करते हैं तो तो खरमास की शुरुआत होती है। इस दौरान सूर्य का तेज कम हो जाता है, इसलिए यह समय मांगलिक कार्यों के लिए शुभ नहीं माना गया है। तो आइए जानते हैं कि दिसंबर 2026 में खरमास कब से शुरू हो रहे हैं और इस दौरान क्या करना चाहिए।

खरमास के दौरान क्या करना चाहिए?

खरमास में सूर्य देव की उपासना करना शुभ और लाभदायक माना जाता है। खरमास के दौरान रोजाना सूर्य देव को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें।

खरमास में भगवान विष्णु की पूजा करना भी उत्तम होता है। इस दौरान प्रतिदिन  ‘ऊं नमो भगवते वासुदेवाय नमः’ मंत्र का जाप करें।

किसी की जन्मकुंडली में गुरु ग्रह अशुभ स्थिति में है तो खरमास में गुरु ग्रह से संबंधित उपाय करें। ऐसा करने से ग्रह का अशुभ प्रभाव कम होता है।

खरमास के दौरान विष्णु सहस्रनाम या श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ करें। इससे पुण्य फलों की प्राप्ति होती है।

खरमास में पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य लाभ मिलते हैं।

खरमास के दौरान दान करना भी अच्छा माना जाता है। तो अपने सामर्थ्य के अनुसार गरीब और जरूरतमंद को  गर्म कपड़े, धन,  तिल या अन्न का दान करें।

ये भी पढ़े :कालाष्टमी 2026: कब मनाई जाएगी काल भैरव जयंती, जानें ब्रह्म, अभिजीत और निशिता मुहूर्त

खरमास में भूलकर भी न करें ये काम

खरमास के दौरान शादी-ब्याह, सगाई या विवाह से जुड़ी कोई भी रस्म नहीं करें।

नए घर में प्रवेश, गृह प्रवेश, नींव पूजन या नए मकान-दुकान की खरीदारी भी खरमास के दौरान वर्जित मानी जाती है।

बच्चों का मुंडन, कर्णवेध और यज्ञोपवीत (जनेऊ) जैसे सोलह संस्कार भी खरमास में नहीं करने चाहिए।

खरमास में कोई भी नया बिजनेस या बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत नहीं करें। नई चीजों की शुरुआत के लिए यह अच्छा नहीं माना जाता है।

खरमास में नई वधू का गृह प्रवेश भी नहीं कराना चाहिए।

खरमास में तामसिक भोजन जैसे- मांस-मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए।

खरमास में क्यों नहीं होते मांगलिक कार्य?

सूर्य देव को धरती पर जीवन के दाता माने जाते हैं। सूर्य देव के ताप के बिना पृथ्वी पर जीवन संभव नहीं है। ऐसे में सूर्य जब मीन या धनु राशि में प्रवेश करते हैं तो उनका तेज कम हो जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, किसी भी शुभ और मांगलिक कार्य के लिए सूर्य का तेज होना बहुत ही अच्छा माना जता है। इसी वजह से खरमास के दौरान विवाह और मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। ज्योतिष में सूर्य ग्रहों के राजा माने गए हैं और वे पिता पक्ष का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए उनके तेज का कम होना मांगलिक करने के लिए उत्तम नहीं माना गया है।

दिसंबर 2026 में कब से शुरू होगा खरमास?

पंचांग के अनुसार, 16 दिसंबर को सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इसके बाद से ही खरमास का आरंभ हो जाएगा। खरमास का समापन मकर संक्रांति के दिन होगा। बता दें कि खरमास करीब 1 महीने का होता है। खरमास का समापन 14 जनवरी 2027 को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *