चित्रकला, भाषण एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, संविधान के प्रति निष्ठा की ली शपथ
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) छुरा में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है और लोकतंत्र तथा सामाजिक समरसता को मजबूत आधार देता है।
ये भी पढ़े :शराब बेचने का अनोखा तरीका! जमीन में गाड़कर छिपाई थी बोतलें, पुलिस ने खोदकर निकाला
संविधान दिवस को ज्ञानवर्धक एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से विद्यालय में चित्रकला, भाषण एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। चित्रकला एवं पोस्टर के माध्यम से बच्चों ने मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संविधान के निर्माण, महत्व और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। यह केवल नियमों और कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। विद्यार्थियों को बचपन से ही संविधान के आदर्शों, अनुशासन, समानता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए, ताकि वे भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि संविधान का सम्मान और उसके मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।




