सैकड़ों बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया बाल विवाह रोकने का संदेश, जमीन पर लिखा ‘बाल विवाह मुक्त भारत
कवर्धा टेकेश्वर दुबे : बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत आज कबीरधाम जिले में विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन कर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। कृषक सहयोग संस्थान द्वारा जिले के सबसे पुराने विद्यालय शासकीय स्वामी करपात्री जी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा के विद्यार्थियों के साथ कवर्धा स्टेडियम में यह आयोजन किया गया।इसमें सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने शरीर से जमीन पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ लिखकर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। ड्रोन कैमरे से लिया गया यह दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
मानव श्रृंखला के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि बाल विवाह बच्चों का बचपन छीन लेता है तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सपनों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर आघात है। बच्चों ने समाज से अपील की कि ‘बेटी को पढ़ाओ, बाल विवाह को रोको’ और ‘पहले पढ़ाई, फिर विदाई’ के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।
जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के सहयोग से चल रहा अभियान
कृषक सहयोग संस्थान, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन (जेआरसी) नेटवर्क की सहयोगी संस्था है। जेआरसी बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्य करने वाले संगठनों का भारत का एक बड़ा नेटवर्क है, जो 300 से अधिक सहयोगी संगठनों के माध्यम से देश के सभी 782 जिलों में सरकार के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा निदेशक डॉ. एच.बी. सेन के निर्देशन में बाल विवाह के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान, चौपाल और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 100 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल विवाह उन्मूलन के लिए जागरूक और सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत की पहल को मिली वैश्विक पहचान
सामाजिक कार्यकर्ता आशु चंद्रवंशी ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए भारत द्वारा शुरू की गई पहल को वैश्विक पहचान मिलना सभी भारतीयों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने 27 नवंबर 2024 को ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ किया था। इस अभियान का उद्देश्य देश से बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित और स्वतंत्र बचपन का अधिकार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 27 नवंबर को विशेष महत्व दिया जा रहा है। यह पहल सामाजिक बदलाव की दिशा में भारत के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का संदेश देती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे संकल्प लें—न कोई बाल विवाह करेगा, न होने देगा। प्रत्येक बच्चे को अपना बचपन जीने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलना चाहिए।
शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य डी.एस. जोशी, जिला समन्वयक ललित सिन्हा, सामाजिक कार्यकर्ता आशु चंद्रवंशी, राजेश गोयल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।




