बेमेतरा में नशे के कारोबार पर प्रशासन सख्त, अवैध शराब-गांजा और नशीली दवाओं के खिलाफ तेज होगी कार्रवाई

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने संयुक्त रूप से जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD – Narco Coordination Centre) समिति की बैठक ली। बैठक में जिले में नशीली दवाओं के अवैध व्यापार, अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार, समाज और पूरे जिले के भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशे के खिलाफ अभियान केवल पुलिस की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, आबकारी, परिवहन तथा पंचायत विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक ने बैठक में जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों, जब्त नशीली दवाओं, अवैध शराब पर की गई कार्रवाई तथा गांजा तस्करी के प्रमुख मार्गों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास नशीली वस्तुओं की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, भाषण, पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। साथ ही युवाओं को खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि वे नशे से दूर रहें।

ये भी पढ़े :बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कबीरधाम में विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन

स्वास्थ्य विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों की स्थिति, नशा पीड़ितों के इलाज एवं काउंसलिंग की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नशे की लत से ग्रस्त लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुनर्वास एवं रोजगार से जुड़े कार्यक्रमों में सहयोग दिया जाएगा।

आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर पूर्ण नियंत्रण के निर्देश दिए गए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब भट्टियों पर छापामार कार्रवाई तेज करने तथा अंतरजिला सीमा पर चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनभागीदारी पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, एनएसएस, एनसीसी, महिला स्व-सहायता समूहों एवं युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे अपने आसपास नशे के अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन एवं पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि एनकॉर्ड समिति के निर्णयों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए और आगामी बैठक में की गई कार्रवाई की समीक्षा प्रस्तुत की जाए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, जिला आबकारी अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला परिवहन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला युवा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *