छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज, उत्तरी इलाकों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा; जानें रायपुर का मौसम

Spread the love

 

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमने के बाद ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।

अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग में सबसे अधिक तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। तापमान में इस बदलाव के चलते सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ा है।

ये भी पढ़े :दिसंबर 2026 में इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत! सूर्य के 3 नक्षत्र परिवर्तन से धन लाभ और तरक्की के योग

रायपुर में 14 से 15 डिग्री तक पहुंच सकता है रात का पारा

राजधानी रायपुर में भी तापमान में गिरावट के संकेत हैं। 26 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के माना केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 से 30 नवंबर के बीच रायपुर में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे रात और सुबह के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण, लेकिन छत्तीसगढ़ पर असर नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम पर विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में बारिश की संभावना कम है और ठंड का असर धीरे-धीरे महसूस होता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *