गरियाबंद में बीच सड़क तलवार लहराकर फैला रहे थे दहशत, देवभोग पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

Spread the love

गरियाबंद :  जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार लहराकर लोगों को डराने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लोहे की दो धारदार तलवारें बरामद की गई हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को टाउन पेट्रोलिंग और सघन जांच के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत देवभोग पुलिस ने 26 नवंबर को दोनों मामलों में कार्रवाई की।

मंडी के पास तलवार लहराकर राहगीरों को डरा रहा था युवक

पहले मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़भेली निवासी रूपेश यादव देवभोग मंडी के पास मुख्य सड़क पर हाथ में धारदार तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

ये भी पढ़े :रेत के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार! रायगढ़ में 21 वाहन जब्त, चैन माउंटेन मशीन मौके पर सील

पुलिया के पास तलवार लेकर लोगों में फैला रहा था भय

दूसरे मामले में ग्राम झाराबहाल पुलिया के पास मुख्य सड़क पर एक युवक के तलवार लहराने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, ग्राम गोलामाल निवासी रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी हाथ में लोहे की धारदार तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया।

दोनों आरोपियों से तलवारें जब्त, आर्म्स एक्ट में केस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की है। उनके खिलाफ थाना देवभोग में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

  • रूपेश यादव (22 वर्ष), पिता मंगल सिंह यादव, निवासी ग्राम गुड़भेली, थाना देवभोग।
  • रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी (31 वर्ष), पिता लछिन्दर सोनवानी, निवासी ग्राम गोलामाल, थाना देवभोग।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में देवभोग थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *