सक्ती : नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस सख्त नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर यातायात प्रभारी निरीक्षक वाई.एन. शर्मा एवं उनकी टीम लगातार स्कूल वाहनों की जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जिंदल वर्ल्ड स्कूल में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस की टीम ने उपनिरीक्षक सुरेंद्र और लक्ष्मण महानदिया के नेतृत्व में स्कूल परिसर में संचालित वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई।
12 वाहनों पर चालानी कार्रवाई
जांच में 12 स्कूली वाहन ऐसे मिले जो बिना परमिट और पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) प्रमाणपत्र के बच्चों का परिवहन कर रहे थे। नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹17 हजार का जुर्माना लगाया गया।
निजी वाहनों से बच्चों का परिवहन भी मिला
यातायात पुलिस के अनुसार, शिकायत मिली थी कि पीले रंग के अधिकृत स्कूल वाहनों के अलावा निजी वाहनों से भी बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए यह विशेष जांच अभियान चलाया गया।
स्कूल प्रबंधन को 7 दिन का अल्टीमेटम
पुलिस ने सभी वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन को 7 दिनों के भीतर स्कूल परिवहन में लगे सभी वाहनों के दस्तावेज अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि किसी वाहन में कमी पाई गई तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

