मुंगेली को CM साय की बड़ी सौगात: ₹68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, स्वास्थ्य से पर्यटन तक कई बड़े ऐलान

Spread the love

मुंगेली : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र को 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत वाले 21 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि नए कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए।

मुख्यमंत्री साय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर’ में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

विकास की गति तेज करना सरकार का संकल्प : CM साय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की गति को तेज करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं, माताओं और बच्चों के लिए पोषण तथा जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखकर काम किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी सरकार इसी भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम कर रही है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को बताया जनभागीदारी का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सिर्फ एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी के जरिए मजबूत करने का माध्यम है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ है कि नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। सरकार ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी पहलों के जरिए प्रशासन को लोगों के करीब लाने का प्रयास कर रही है।

प्रधानमंत्री जनमन और आवास योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवार किसी भी योजना का लाभ केवल जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में न चूकें, सरकार का प्रयास यही है।

आंगनबाड़ी केंद्रों को बताया बच्चों के विकास की आधारशिला

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आंगन मिलन के जरिए परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी एक साथ बैठकर बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर संवाद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

68 लाख महिलाओं को मिल रही महतारी वंदन की राशि

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे पहुंचाई जा रही है।

स्वास्थ्य जांच को लेकर CM साय की अपील

मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान होने से उपचार में मदद मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है।

रक्तदान को बताया मानवता की बड़ी सेवा

रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति को दिया गया रक्त उसके जीवन को बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं और अन्य सेवाभावियों की सराहना की।

मदकू द्वीप के विकास और पर्यटन पर जोर

मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत प्रदेश की पहचान है। इसके संरक्षण के साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। मदकू द्वीप जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास कर इसे देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़े :‘लव एंड वॉर’ में आलिया का ग्लैमरस अवतार, हाई-स्लिट लुक ने बढ़ाई धड़कनें; सामने आया किरदार का नया राज!

CM साय की प्रमुख घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से—

सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा।

पिपर डोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नयन।

ताला महोत्सव के लिए 15 लाख रुपये।

मदकू द्वीप उत्सव के लिए 15 लाख रुपये।

पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपये।

मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर के लिए 75 लाख रुपये।

भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण।

भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में सीसी रोड के लिए प्रत्येक गांव को 10 लाख रुपये।

मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन की स्थापना।

चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये।

मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा।

₹68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास किया।

लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के तहत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और पुलिस विभाग से जुड़े कार्य भी लोकार्पित किए गए।

शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है।

लोक निर्माण विभाग के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

मदकू की विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनका स्मरण भी किया।

तोखन साहू ने कहा कि शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में उत्खनन कार्य हुआ और प्राचीन इतिहास से जुड़े कई तथ्य सामने आए।

मदकू द्वीप को मिलेगी नई पहचान : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसे 11वीं सदी के धार्मिक केंद्र के रूप में भी देखा जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मदकू द्वीप के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी मदकू द्वीप के विकास और उसकी ऐतिहासिक पहचान को सामने लाने में स्वर्गीय शांताराम सराफ के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पुन्नूलाल मोहले सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *