Govardhan Puja 2026: आज मनाया जा रहा गोवर्धन पूजा का पर्व, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र और आरती

Spread the love

 

Govardhan Puja 2026: हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला यह पर्व इस साल 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है। इसे अन्नकूट पर्व के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र देव के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था। तभी से भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की परंपरा चली आ रही है।

इस दिन घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है। इसे फूलों से सजाकर भगवान कृष्ण और गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा की जाती है। साथ ही अन्नकूट का भोग लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र और आरती।

गोवर्धन पूजा 2026: शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को की जा रही है।

पूजा के प्रमुख शुभ मुहूर्त इस प्रकार हैं:

– प्रातःकाल पूजा मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक

– सायंकाल पूजा मुहूर्त: दोपहर 3:46 बजे से शाम 6:02 बजे तक

गोवर्धन पूजा के चौघड़िया मुहूर्त

– लाभ: सुबह 10:44 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक

– अमृत: दोपहर 12:05 बजे से 1:26 बजे तक

– शुभ: दोपहर 2:47 बजे से शाम 4:09 बजे तक

– लाभ: शाम 7:09 बजे से रात 8:48 बजे तक

गोवर्धन पूजा की सरल विधि

गोवर्धन पूजा के दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के आंगन या किसी खुले स्थान पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं। इसे फूलों, पत्तियों और अन्य पूजन सामग्री से सजाएं।

पूजा के दौरान इन बातों का ध्यान रखें:

1. सबसे पहले गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसे फूलों से सजाएं।

2. गोवर्धन महाराज को रोली, अक्षत, हल्दी, फूल और चंदन अर्पित करें।

3. धूप-दीप जलाकर भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करें।

4. गोवर्धन महाराज को खीर, बताशे, मिठाई, कढ़ी-चावल और अन्नकूट का भोग लगाएं।

5. गोवर्धन पर्वत की सात बार परिक्रमा करें और परिक्रमा के दौरान जल अर्पित करें।

6. अंत में भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की आरती करें तथा प्रसाद सभी में बांटें।

घर पर गोवर्धन पर्वत कैसे बनाएं?

गोवर्धन पूजा के लिए घर पर ही गाय के गोबर से पर्वत की आकृति बनाई जा सकती है। इसके लिए ताजा गाय का गोबर, फूल, तुलसी के पत्ते, हल्दी, कुमकुम, मिट्टी और सजावट की सामग्री की जरूरत होती है।

सबसे पहले पूजा स्थल को साफ करके गंगाजल से शुद्ध करें। इसके बाद गोबर से पहाड़ जैसी आकृति बनाएं। चाहें तो गाय, बछड़े, पेड़ और भगवान श्रीकृष्ण की छोटी प्रतिमा भी स्थापित कर सकते हैं। इसके बाद फूलों और मालाओं से गोवर्धन पर्वत को सजाकर विधि-विधान से पूजा करें।

गोवर्धन पूजा का मंत्र

गोवर्धन पूजा के दौरान भगवान का स्मरण करते हुए इस मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है।

मंत्र:

गोवर्धन धराधार गोकुलत्राणकारक।

बहुबाहुकृतच्छाय गवां कोटिप्रदो भव॥

गोवर्धन पूजा में अन्नकूट का महत्व

गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पर्व भी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के सात्विक व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। इसमें कढ़ी, चावल, बाजरा, हरी सब्जियां, मिठाइयां और अन्य पकवान शामिल होते हैं।

मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाने और प्रसाद बांटने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इस दिन जरूरतमंदों को भोजन और अन्न का दान करना भी शुभ माना जाता है।

गोवर्धन पूजा की आरती

गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान गोवर्धन महाराज की आरती करने की परंपरा है।

श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,

तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।

तोपे पान चढ़े, तोपे फूल चढ़े,

तोपे चढ़े दूध की धार।

तेरे गले में कंठा साज रहेओ,

ठोड़ी पे हीरा लाल।

तेरे कानन कुंडल चमक रहेओ,

तेरी झांकी बनी विशाल।

तेरी सात कोस की परिकम्मा,

चकलेश्वर है विश्राम।

गोवर्धन पूजा का यह पर्व प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति सम्मान का संदेश देता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की पूजा कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *