गोलू कैवर्त रायपुर/बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़) : जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में मानसूनी बारिश और उफनती नदियों के बीच पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के कुशल नेतृत्व में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा व जीवन रक्षा हेतु पूरी मुस्तैदी से डटी हुई है। इसी कड़ी में दिनांक 30.07.2026 को थाना लवन क्षेत्रांतर्गत ग्राम तुरमा में उफनती महानदी एवं स्थानीय नाले के जलभराव में फंसे एक ही परिवार के 04 सदस्यों को मौत के मुंह से सुरक्षित निकालकर पुलिस टीम ने मानवता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की है।
महानदी और नाले के पानी से चारों ओर से घिरा था मकान: ग्राम तुरमा स्थित महानदी के किनारे बने एक मकान में रह रहे 04 ग्रामीण (02 पुरूष एवं 02 महिला) उफनती महानदी और नाले के बढ़े हुए जलस्तर के कारण चारों तरफ से बाढ़ के पानी में बुरी तरह घिर गए थे। संबंधित परिवार को पूर्व में ग्राम कोटवार के माध्यम से अलर्ट किया गया था, परंतु किन्हीं कारणों से वे समय पर बाहर नहीं निकल सके थे। बाढ़ का पानी अचानक तेजी से बढ़ने से स्थिति अत्यंत गंभीर व चिंताजनक हो गई थी, जिसके कारण गांव तक पहुँचना पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका था।
ये भी पढ़े :मछुआ कल्याण बोर्ड को मिला नया अध्यक्ष, आनंद निषाद ने संभाला पदभार
चुनौतीपूर्ण स्थिति में पुलिस अधीक्षक का तत्काल रेस्क्यू निर्देश: दिनांक 30.07.2026 को सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आपातकालीन राहत व बचाव टीम को तत्काल मौके पर रवाना होने के निर्देश दिए। बाढ़ के प्रचंड प्रवाह के बीच रास्ता न होने पर ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल जेसीबी (JCB) एवं ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई, जिसके माध्यम से रेस्क्यू टीम, बोट (नाव) एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरणों के साथ शाम लगभग 06:00 बजे ग्राम तुरमा के प्रभावित स्थल पहुँची।
घने अंधेरे और उफनते पानी के बीच टॉर्च की रोशनी में चला 05 घंटे का रेस्क्यू:- अमेरा नगर सेना की गोताखोर टीम, निरीक्षक लखेश केंवट, निरीक्षक धीरेंद्र दुबे एवं थाना लवन पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर साहसिक बचाव कार्य प्रारंभ किया। रात का घना अंधेरा और महानदी का तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी बाधा बन रहा था, परंतु पुलिस जवानों ने हार न मानते हुए टॉर्च, मोबाइल फ्लैशलाइट एवं सर्चलाइट की रोशनी के सहारे जोखिम भरा रेस्क्यू अभियान जारी रखा। लगातार 05 घंटे तक चले इस कठिन ऑपरेशन के बाद रात 11:00 बजे बाढ़ के उफनते पानी में फंसे सभी 04 ग्रामीणों को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते पुलिस प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुँचने से एक बड़ा हादसा टल गया।

