“सेवा, शिद्दत और संकल्प से करें काम, बेमेतरा को बनाएं प्रदेश का अग्रणी जिला” – उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले के समग्र विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक को संबोधित करते हुए  साव ने अधिकारियों से कहा कि वे सेवा, शिद्दत और संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा बेमेतरा को विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि बेमेतरा भौगोलिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से अनुकूल जिला है, जहां बेहतर कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि एक सफल अधिकारी वही होता है जो पूर्व नियोजित कार्ययोजना के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करता है। सभी अधिकारी जनसेवक की भावना से कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें, स्वयं का नियमित मूल्यांकन करें तथा अपनी कमियों को दूर कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।

मानसून, कृषि एवं स्वास्थ्य पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने, मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल संचयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत निर्मित योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर उनके सुचारु संचालन पर भी बल दिया।

बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

ये भी पढ़े :नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, यश वीर सिंह ने आखिरी थ्रो में दिलाया ब्रॉन्ज; भारत की डबल मेडल खुशी

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

साव ने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, आदिवासी विकास प्राधिकरण सहित अन्य निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

जल संरक्षण, पर्यावरण एवं स्वच्छता पर विशेष फोकस

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच जल संकट और प्रदूषण बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। इसलिए जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

उन्होंने वर्षा जल संग्रहण, पुराने तालाबों एवं नहरों के जीर्णोद्धार, जल संरक्षण अभियान, व्यापक वृक्षारोपण, पार्कों के विकास तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा

साव ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। खेल बच्चों में अनुशासन, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता विकसित करते हैं तथा उन्हें नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि सहित सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

समन्वय से विकास को मिलेगी गति

साव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि बेमेतरा कृषि एवं उद्योग दोनों क्षेत्रों में अपार संभावनाओं वाला जिला है। यदि सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करें तो जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

ये भी पढ़े :कुलगाम आतंकी हमले पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सक्रिय, ADG इंटेलिजेंस से ली पूरी जानकारी

विकास कार्यों में गंभीरता लाने के निर्देश – मंत्री दयाल दास बघेल

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से अमल करने के निर्देश दिए।

विकसित बेमेतरा के लिए बनेगी चरणबद्ध कार्ययोजना

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बैठक में आश्वस्त किया कि बेमेतरा को विकसित जिला बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ठोस एवं समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे तथा प्रत्येक विभाग को तय समय-सीमा में जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

उन्होंने कहा कि विकसित बेमेतरा का सपना तभी साकार होगा जब शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए प्रभावी निगरानी और जनभागीदारी दोनों आवश्यक हैं।

बैठक में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, जिला अध्यक्ष अजय साहू, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल सहित जिले के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *