एमसीबी/केल्हारी : ग्राम मौहरी में दिनदहाड़े एक घर में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। घर पहुंची महिला ने दो युवकों को घर के अंदर सामान तलाशते देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाइक से भाग रहे दोनों युवकों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीण दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना 4 अक्टूबर की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता राजकुमारी सिंह पति जमला सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम मौहरी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां सब्जी तोड़ने के लिए घर से बाहर गई थी। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस घर पहुंची तो घर के अंदर दो अज्ञात युवक मौजूद थे।
शिकायत के मुताबिक दोनों युवक घर में सामान तलाश रहे थे और कांसे की बटकी चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। महिला को देखते ही दोनों युवक घर से बाहर निकलकर भागने लगे। महिला ने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बाइक से भागे, ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा
महिला के शोर मचाने के बाद ग्रामीणों ने बाइक से भाग रहे दोनों युवकों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को पुलिस चौकी ले जाकर सौंप दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान सेनसाय और अनिल बंसूल के रूप में हुई है। दोनों ग्राम रोकड़ा के निवासी बताए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि वह समय पर घर नहीं पहुंचती और शोर नहीं मचाती तो दोनों युवक घर से सामान लेकर फरार हो सकते थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधान आरक्षक को सौंपी गई जांच
प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक पीयूष एक्का को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों, दोनों युवकों की भूमिका और चोरी के कथित प्रयास से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने बाजार में कराई परेड, कहलवाया- ‘चोरी करना पाप है’
मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को केल्हारी के मुख्य बाजार में ले जाकर परेड कराने का वीडियो भी सामने आया है। केल्हारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों युवकों को बाजार में घुमाया।
इस दौरान आरोपियों से अपराध से दूर रहने और ‘चोरी करना पाप है’ जैसी बात कहलवाई गई। पुलिस की ओर से इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराध के प्रति लोगों में जागरूकता और कानून का भय पैदा करने का संदेश देना बताया गया है।
दिनदहाड़े घर में चोरी के कथित प्रयास की घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, मामले में आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय में साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर होगा।




