गोलू कैवर्त बलौदाबाजार : जिले में शिक्षा की गुणवता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने एवं बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित मिशन उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 5 अगस्त 2026 से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रथम मासिक टेस्ट प्रारम्भ किया गया है। यह परीक्षा कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में एक साथ आयोजित की जा रही है।
मिशन उत्कर्ष जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों की विषयगत समझ विकसित करने तथा बोर्ड परीक्षाओं की प्रभावी एवं व्यवस्थित तैयारी कराने के उद्देश्य से संचालित एक महत्वाकांक्षी अभियान है। इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करने के लिए मासिक परीक्षाओं की श्रृंखला प्रारंभ की गई है। प्रथम मासिक टेस्ट इसी श्रृंखला की पहली कड़ी है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी का आकलन कर आवश्यक शैक्षणिक सुधार की दिशा में कार्य किया जाएगा।
जिले के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों एवं प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी द्वारा बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट एवं पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं। परीक्षा के पश्चात उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर विद्यार्थियों को उनकी विषयवार उपलब्धियों एवं कमियों से अवगत कराया जाएगा, जिससे वे समय रहते आवश्यक सुधार कर सकें। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता होगी, उनके लिए विशेष मार्गदर्शन एवं उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से मिशन उत्कर्ष को जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने सभी विद्यालयों को परीक्षा का निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मिशन उत्कर्ष के माध्यम से जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना भी है।

