महादेव की भक्ति में 151 किमी की कांवड़ पदयात्रा, 10 अगस्त से अमरकंटक से भोरमदेव तक चलेंगी विधायक भावना बोहरा

Spread the love

कवर्धा, 8 अगस्त 2026 : सावन मास की भक्ति और भगवान भोलेनाथ की आराधना के बीच पंडरिया विधायक भावना बोहरा एक बार फिर 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा पर निकलेंगी। मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव महादेव मंदिर तक होने वाली यह पदयात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी और 16 अगस्त को भोरमदेव में भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।

विधायक भावना बोहरा लगातार दूसरे वर्ष इस धार्मिक पदयात्रा का संकल्प पूरा करने जा रही हैं। इस बार यात्रा को खास बनाने वाली बात यह है कि मूल धर्म में वापसी करने वाले वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी भी कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे। वे श्रद्धालुओं के साथ ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के बीच पदयात्रा करेंगे।

300 से अधिक कांवड़ यात्री होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष विधायक भावना बोहरा के साथ 300 से अधिक कांवड़ यात्री अमरकंटक से भोरमदेव तक की यात्रा में शामिल होंगे। पर्वतीय और दुर्गम रास्तों, नदियों और रास्ते की चुनौतियों के बीच श्रद्धालु आस्था और संकल्प के साथ यात्रा पूरी करेंगे।पिछले वर्ष भी विधायक ने अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा की थी। उस दौरान क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं का व्यापक सहयोग मिला था।

ये भी पढ़े :आयुर्वेद चिकित्सा परिषद चुनाव पर आरोपों से मचा विवाद, संघ ने दी सफाई; कहा- निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो रही प्रक्रिया

कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था

विधायक भावना बोहरा की ओर से पिछले पांच वर्षों से कबीरधाम जिले से अमरकंटक जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है। इस वर्ष यह सुविधा 30 जुलाई से 24 अगस्त तक उपलब्ध कराई जा रही है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

‘छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की करूंगी कामना’

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा की कृपा से उन्हें लगातार दूसरे वर्ष अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस यात्रा को भगवान भोलेनाथ के चरणों में समर्पित आध्यात्मिक साधना बताया।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्रत्येक परिवार के सुख, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और क्षेत्रवासियों से यात्रा में शामिल होकर सहयोग और आशीर्वाद देने की अपील की।

सावन में गूंजेगा ‘बोल बम’, भोरमदेव में होगा जलाभिषेक

सावन मास में भगवान शिव की आराधना के साथ कांवड़ यात्रा की विशेष धार्मिक मान्यता है। कबीरधाम जिले से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भोरमदेव पहुंचते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि इसी आस्था से प्रेरित होकर उन्होंने कांवड़ यात्रा का संकल्प लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर भगवान भोलेनाथ के चरणों में प्रदेश की उन्नति, समाज के कल्याण और प्रत्येक परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *