रायगढ़ : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में निर्माणाधीन और अब तक अप्रारंभ आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए जिला पंचायत में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने अल्प प्रगति वाले आवासों की पंचायतवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों को आगामी सप्ताह में अधिक से अधिक आवास पूर्ण कराने का लक्ष्य दिया।
बैठक में सभी जनपद पंचायतों से अल्प प्रगति वाले 5-5 ग्राम पंचायत सचिवों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की टीम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हितग्राहियों से सीधे संपर्क करने के निर्देश
सीईओ ने कहा कि आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए केवल कार्यालय में बैठकर समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है। अधिकारियों और सचिवों को हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर मौके पर जाकर वास्तविक समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण सामग्री, मजदूरी, तकनीकी मार्गदर्शन या किसी अन्य कारण से आवास का काम रुका हुआ है, तो संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी आपसी समन्वय से समस्या का तत्काल समाधान करें।
अप्रारंभ आवासों पर विशेष फोकस
बैठक में निर्माण शुरू नहीं कर पाए हितग्राहियों के आवासों को प्राथमिकता से शुरू कराने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि जिन आवासों का निर्माण शुरू हो चुका है, उनकी गति बढ़ाकर उन्हें अगले सप्ताह अधिकतम संख्या में पूर्ण कराया जाए।
वहीं अप्रारंभ आवासों के हितग्राहियों से तत्काल संपर्क कर निर्माण कार्य शुरू कराने और उन्हें अगले निर्माण स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
हर स्वीकृत आवास की नियमित होगी निगरानी
सीईओ पठारे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक स्वीकृत आवास की नियमित निगरानी और समय पर पूर्णता संबंधित अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने सचिवों को अपने क्षेत्र के हितग्राहियों के लगातार संपर्क में रहने और निर्माण की प्रगति की मौके पर जाकर निगरानी करने को कहा।
साप्ताहिक लक्ष्य के आधार पर होगी अगली समीक्षा
अधिकारियों को आगामी सप्ताह के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। अगली समीक्षा बैठक में प्रत्येक पंचायत से निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले हुई प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की टीम ने योजना की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और निर्माण में आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर भी आवश्यक जानकारी साझा की।

